कानपुर में विधायक के हॉस्टल में इस हाल में मिली रेडियोलॉजी स्टूडेंट पलक की बॉडी... कैसी दवाएं ले रही थी?
UP News: फर्रुखाबाद की छात्रा पलक का शव कानपुर स्थित हॉस्टल में मिला है. इस मामले ने हड़कंप मचा कर रख दिया है.
ADVERTISEMENT

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पलक नाम की युवती ने कथित तौर पर अपनी जिंदगी खत्म कर ली. दरअसल युवती समाजवादी पार्टी से विधायक अमिताभ बाजपेई के रानीगंज स्थित हॉस्टल में रहती थी. युवती का शव कमरे से लटका मिला है.
क्या हुआ पलक के साथ?
मृतका पलक फर्रुखाबाद के सिंघीरामपुर की रहने वाली थी. उसके पिता डॉ. अभेदु कुमार धर हृदय रोग विशेषज्ञ हैं. छात्रा की उम्र 19 साल थी. युवती छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से रेडियोलॉजी की पढ़ाई कर रही थी.
बहन और सहेली को कमरे से बाहर भेजा था
जानकारी के मुताबिक, मृतका पलक धर ने घटना से पहले अपनी छोटी बहन दीप्ति और रूम पार्टनर आराध्या को दवा लाने के लिए बाजार भेज दिया था. जब दोनों वापस लौटीं तो दरवाजा बंद मिला. कई बार आवाज लगाने और मोबाइल पर कॉल करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
हॉस्टल की अन्य छात्राओं और वॉर्डन ने भी दरवाजा खुलवाने की कोशिश की. अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पलक पंखे से लटकी हुई मिली. घटनास्थल से कोई आखिरी नोट बरामद नहीं हुआ.
ले रही थी ये गोलियां
इस पूरे मामले को लेकर इंस्पेक्टर राजेश शर्मा ने बताया कि छात्रा लंबे समय से डिप्रेशन और एंग्जायटी की दवा ले रही थी. शुरू की जांच में तनाव के कारण ये कदम उठाने की बात सामने आ रही है. बेटी की मौत से परिवार में हड़कंप मच गया है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
