लेटेस्ट न्यूज़

मेरठ: दबिश देने पहुंची पुलिस ने खुद ही युवक की बाइक के बैग में रखा तमंचा? CCTV फुटेज से खुली पोल!

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से खाकी को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां खरखोदा थाना के पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगे…

ADVERTISEMENT

UPTak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से खाकी को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां खरखोदा थाना के पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगे हैं. आरोप है कि जमीन के विवाद में दबिश देने गई पुलिस ने पहले एक युवक की बाइक के बैग में खुद अवैध तमंचा रखा और फिर उसे बरामद कर लिया. साथ ही युवक को हिरासत में भी ले लिया. अब घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दबिश देने गए पुलिसकर्मियों की पोल खुल रही है. वहीं, सीसीटीवी का फुटेज वायरल होने के बाद एसपी ने जांच की बात कही है.

क्या है पूरा मामला?

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी अंकित नामक युवक के घर में घुसे और वहां एक पुलिसकर्मी ने बाहर खड़ी मोटरसाइकिल में कुछ रखा. उसके बाद कुछ पुलिसकर्मी फिर वहां पहुंचे और मोटरसाइकिल से तमंचा बरामद करने की बात कहते हुए अंकित को हिरासत में ले लिया.

मेरठ के खरखोदा थाने क्षेत्र के खदावली गांव निवासी अशोक त्यागी का परिवार के लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. मामला न्यायालय में विचाराधीन है. आरोप है कि दूसरा पक्ष पुलिस से मिलकर अशोक के परिवार का उत्पीड़न कर रहा है.

हिरासत में लिए गए अंकित की पत्नी राखी त्यागी ने बताया कि मंगलवार को उनके घर पुलिस आई. पुलिस ने उसके पति की बाइक के बैग में अवैध तमंचा रखा फिर उसे बरामद कर लिया. राखी का कहना है कि सीसीटीवी में दिख रहा है कि पुलिस खुद ही तमंचा रख रही है और उसके बाद बरामद किया गया है. राखी का आरोप है कि पुलिस लगातार उससे सीसीटीवी का डीवीडी लेने की कोशिश कर रही है.

एसपी ने क्या कहा?

वीडियो वायरल होने के बाद मेरठ के एसपी (देहात) कमलेश बहादुर ने मामले की जांच की बात कही है. एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बाइक में तमंचा रखा हुआ है, जिस सूचना पर पुलिस वहां गई थी और उसकी तलाशी की गई थी. इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं. उन्हें आरोपित किया जा रहा है कि पुलिस के द्वारा कुछ संदिग्ध चीज वहां की गई है. इस पूरे वीडियो और जो वहां सीसीटीवी लगा है, उसकी पूरी जांच की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी. इसमें थाना खरखौदा के दो आरक्षी हैं, इनके बारे में पूरी जानकारी की जा रही है.