उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी अभी से तैयारियों में जुट गई है. पार्टी की रणनीति अपने सभी सहयोगी दलों (आरएलडी, सुभासपा, अपना दल एस और निषाद पार्टी) को साथ लेकर एक मजबूत एनडीए गठबंधन तैयार करने की है, ताकि राज्य के जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधा जा सके. सूत्रों के मुताबिक बीजेपी इस बार अपने सहयोगियों के लिए करीब 60 सीटें छोड़ने की तैयारी कर रही है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बीजेपी सहयोगियों को ज्यादा सीटें देकर एनडीए का कुनबा बढ़ाएगी, या फिर 403 सीटों पर अपनी दावेदारी को सीमित करते हुए सत्ता में वापसी का रास्ता बनाएगी? इस मामले पर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर का बयान भी सामने आया है, जिन्होंने कहा है कि सीटों को लेकर उनका बीजेपी से कोई झगड़ा नहीं है.
ADVERTISEMENT
सीट बंटवारे पर राजभर का बयान
जब 60 सीटों वाले आंकड़े को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर से सवाल किया गया, तो उन्होंने बहुत सधा हुआ जवाब दिया. राजभर ने कहा, "सीटों को लेकर हमारा कोई झगड़ा नहीं है. जो मिलेगा, वह मिलेगा. हम सहयोगी दल हैं और सरकार बीजेपी को बनानी है." उन्होंने यह भी कहा कि उनका मुख्य प्रयास इतना है कि उन्हें चुनाव में इतनी सीटें मिल जाएं, जिससे उनकी पार्टी को मान्यता प्राप्त दल का दर्जा हासिल हो सके.
यह भी पढ़िए: अपना सीएम कैंडिडेट चंद्रशेखर आजाद को बनाया, फिर अखिलेश और कांग्रेस को दिया ये ऑफर
2022 चुनाव में किस पार्टी को कितनी सीटें?
साल 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी और सपा ने अपने-अपने गठबंधन बनाए थे. उस चुनाव में ओम प्रकाश राजभर और जयंत चौधरी (आरएलडी) सपा के साथ थे. अखिलेश यादव ने राजभर की सुभासपा को 17 सीटें दी थीं, जिनमें से उन्होंने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं, जयंत चौधरी की आरएलडी को 33 सीटें मिली थीं, जिनमें से उन्होंने 8 सीटों पर जीत हासिल की थी. दूसरी तरफ, एनडीए गठबंधन में अपना दल (सोनेलाल) को 17 सीटें मिली थीं (12 पर जीत) और संजय निषाद की निषाद पार्टी ने 10 सीटों पर अपने सिंबल पर चुनाव लड़ा था (6 पर जीत).
यह भी पढ़िए: अपना सीएम कैंडिडेट चंद्रशेखर आजाद को बनाया, फिर अखिलेश और कांग्रेस को दिया ये ऑफर
संजय निषाद की शिकायत और राजभर का समर्थन
बीते दिनों निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद अतरौलिया सीट और चुनाव में होने वाले भीतरघात को लेकर काफी चर्चा में रहे. अपनी इन्हीं शिकायतों को लेकर वह दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करने भी पहुंचे थे. इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने संजय निषाद का बचाव किया. राजभर ने कहा कि संजय निषाद की बात बिल्कुल सही है, क्योंकि उनके बेटे के साथ चुनाव में जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था. छोटे दल और उनका गरीब समाज बड़ी मुश्किल से पार्टी खड़ी करता है, इसलिए चुनाव में भीतरघात नहीं होना चाहिए.
यह भी पढ़िए: अपना सीएम कैंडिडेट चंद्रशेखर आजाद को बनाया, फिर अखिलेश और कांग्रेस को दिया ये ऑफर
ADVERTISEMENT










