उत्तर प्रदेश में चुनाव करीब आते ही बयानों का दौर शुरू हो गया है. इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के बलिया से सांसद सनातन पांडे के एक बयान ने अयोध्या में सियासी और सामाजिक हलचल तेज कर दी है. सनातन पांडे ने कहा है कि मुलायम सिंह यादव ने कारसेवकों और राम भक्तों पर गोली चलवाकर बहुत अच्छा काम किया था. इस बयान के सामने आते ही अयोध्या के व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है. एक तरफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करने की बात कह रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के सांसद का यह बयान अयोध्यावासियों को काफी चुभ रहा है. ग्राउंड रिपोर्ट में अयोध्या के लोगों ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए सांसद से माफी मांगने की मांग की है.
ADVERTISEMENT
सांसद के बयान से अयोध्यावासी नाराज
अयोध्या के आम नागरिकों और व्यापारियों ने सपा सांसद सनातन पांडे के बयान को पूरी तरह से गलत और निंदनीय बताया है. स्थानीय व्यापारी नंदलाल गुप्ता ने कहा कि यह सपा की दोहरी नीति है; एक तरफ अखिलेश यादव दर्शन करने आ रहे हैं और दूसरी तरफ उनके सांसद मुस्लिमों को खुश करने के लिए हिंदुओं और कारसेवकों के खिलाफ बयान दे रहे हैं. व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने तो यहां तक कह दिया कि सनातन पांडे के माता-पिता भी आज उनके इस बयान पर शर्मिंदा होंगे. उन्होंने सभी हिंदुओं से अपील की है कि वे ऐसे नेता का बहिष्कार करें.
कारसेवकों पर गोली चलने का दर्द
अयोध्यावासियों ने कारसेवकों पर चली गोली के दर्द को याद करते हुए सपा सांसद को जमकर कोसा. स्थानीय नागरिक जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि 500 वर्षों बाद राम मंदिर बना है और जब हम निहत्थे कारसेवकों पर हुए उस जुल्म को याद करते हैं, तो आज भी हमारी आंखों में आंसू आ जाते हैं. उन्होंने कहा कि यह बहुत ही घटिया बयान है और एक सांसद को इस तरह की बात शोभा नहीं देती. लोगों का कहना है कि चुनाव लड़ने के लिए हमेशा सिर्फ हिंदू धर्म और राम भक्तों को ही टारगेट क्यों किया जाता है?
सनातन पांडे से माफी मांगने की मांग
ग्राउंड रिपोर्ट में बातचीत के दौरान एक अन्य युवा नागरिक रामबाबू गुप्ता ने कहा कि राम मंदिर बनने की वजह से ही वह हमेशा भाजपा को वोट देंगे. वहीं, अयोध्या के लोगों ने सपा मुखिया अखिलेश यादव से अपील की है कि वह अपने नेताओं की बयानबाजी पर लगाम लगाएं. अयोध्यावासियों का साफ तौर पर कहना है कि चुनाव अपनी जगह है, लेकिन सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए निहत्थे राम भक्तों पर गोली चलने को 'अच्छा काम' बताना बिल्कुल गलत है. अयोध्या की जनता ने मांग की है कि सांसद सनातन पांडे को अपने इस विवादित बयान के लिए राम भक्तों से तुरंत माफी मांगनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का असर, नोएडा-गाजियाबाद में 5वीं तक की कक्षाएं हाइब्रिड मोड में चलेंगी
ADVERTISEMENT










