अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के ऐलान पर भड़के असदुद्दीन ओवैसी, बोले-किस मुंह से जाओगे गालिब?

सुषमा पांडेय

• 11:30 AM • 11 Nov 2026

अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है. ओवैसी ने सपा पर सवाल उठाए हैं और मुस्लिम वोटर्स के राजनीतिक अधिकारों पर ध्यान देने की बात कही है. यह फैसला 2027 के विधानसभा चुनावों से जुड़ी रणनीति माना जा रहा है.

Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां और जुबानी जंग तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के परिवार संग अयोध्या में रामलला के दर्शन करने की खबर सामने आते ही यूपी की राजनीति में सियासी भूचाल आ गया है. इस फैसले पर भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ अब AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है..

यह भी देखें...

मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने मिर्ज़ा गालिब का मशहूर शेर अर्ज करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के मुस्लिम विधायकों पर तंज कसा. ओवैसी ने कहा, "काबा किस मुंह से जाओगे गालिब, शर्म तुमको मगर नहीं आती."

12 दिसंबर को परिवार संग रामलला के दर्शन कर सकते हैं अखिलेश

इस पूरे सियासी बवंडर की शुरुआत तब हुई जब 'पंचायत आजतक अयोध्या' कार्यक्रम में सपा के पूर्व विधायक और अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले पवन पांडे ने बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि आगामी 12 दिसंबर को अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव और पूरे परिवार के साथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे.

इस ऐलान के बाद से ही राम मंदिर विवाद, कार सेवकों पर गोलीकांड के पुराने मुद्दे और सपा के सॉफ्ट हिंदुत्व की ओर झुकाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं.

ओवैसी का तीखा हमला: "अब्दुल कब तक दरी बिछाएगा और साइकिल का पंक्चर बनाएगा?"

अखिलेश के राम मंदिर जाने के फैसले पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बेहद सख्त लहजे में अपनी प्रतिक्रिया दी. मुंबई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुस्लिम सांसदों, विधायकों और उनके समर्थकों से सवाल पूछा:

"अखिलेश यादव आज पहली बार अयोध्या जा रहे हैं. क्या उनका वोट बैंक छिटक रहा है, इसलिए जा रहे हैं? सवाल यह पैदा होता है कि समाजवादी पार्टी के जितने भी मुस्लिम एमपी और एमएलए हैं, वे अब क्या करेंगे और क्या जवाब देंगे? अब शोले का डायलॉग तो नहीं बोल सकते कि तेरा क्या होगा, बल्कि गालिब का शेर बोल सकते हैं कि 'काबा किस मुंह से जाओगे गालिब, शर्म तुमको मगर नहीं आती'. अब आप तो मुसलमानों के बड़े मसीहा बनते थे, अब आपके पप्पा जी जा रहे हैं तो आप जवाब दीजिए."

ओवैसी ने सपा के मुस्लिम राजनीतिक प्रतिनिधित्व (Political Empowerment) पर सवाल उठाते हुए आगे कहा "अब्दुल कब तक पंक्चर बनाएगा? साइकिल तो खुद पंक्चर हो चुकी है। चाहे अब्दुल सलाम हो, अब्दुल हक हो या अब्दुल्लाह... हर समाज की अपनी एक पॉलिटिकल एजेंसी होनी चाहिए. मुस्लिम कब तक सिर्फ दरी बिछाएंगे और बीजेपी के डर के नाम पर वोट देंगे?"

2027 चुनाव से पहले बदला हुआ सियासी गणित

ओवैसी लंबे समय से समाजवादी पार्टी पर यह आरोप लगाते रहे हैं कि सपा मुसलमानों का वोट तो लेती है. लेकिन उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व और हकों के सवाल पर खामोश हो जाती है. हाल के दिनों में ओवैसी ने मुजफ्फरनगर दंगों, संभल के मुद्दों और रामपुर जैसे मुस्लिम बहुल इलाकों में लगातार रैलियां करके सपा के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को सीधी चुनौती दी है.

दूसरी तरफ विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव का राम मंदिर जाने का फैसला और अयोध्या को 'सनातन की ग्लोबल कैपिटल' बनाने की बात कहना, हिंदू मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने और बीजेपी के हिंदुत्व के कार्ड की काट ढूंढने की रणनीति का हिस्सा है.

अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या अखिलेश यादव का यह कदम 2027 के चुनावी समीकरणों को सपा के पक्ष में मोड़ पाएगा या फिर ओवैसी का यह हमला सपा के पारंपरिक मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगाने में कामयाब होगा.