उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासत में एक बड़ा और दिलचस्प मोड़ आ गया है. एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने अपने नए गठबंधन का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. इस नए गठजोड़ का नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' (SPM) रखा गया है. लखनऊ में हुई एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने सबसे बड़ा दांव चलते हुए चंद्रशेखर आजाद को अपने मोर्चे का मुख्यमंत्री कैंडिडेट घोषित कर दिया है. इसके साथ ही दोनों नेताओं ने यह भी साफ कर दिया कि उनका यह नया मोर्चा यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा. ओवैसी का यह दांव सीधे तौर पर अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले में सेंध लगाने की एक बड़ी कोशिश माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT
ओवैसी का बड़ा ऐलान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की तरफ इशारा करते हुए कहा, "सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के चीफ मिनिस्टर कैंडिडेट हमारे भाई चंद्रशेखर आजाद रहेंगे." उन्होंने आगे कहा कि हम सब मिलकर कोशिश करेंगे कि न सिर्फ यह गठबंधन कामयाब हो, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता भी कामयाब हो. ओवैसी ने कहा कि यूपी में असली बदलाव जनाब चंद्रशेखर आजाद के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही आएगा. इस ऐलान के साथ ही ओवैसी ने उन सभी विरोधियों को भी जवाब दे दिया, जो कह रहे थे कि इन दोनों पार्टियों के बीच सीटों को लेकर खींचतान होगी या यह केवल 150 सीटों पर ही चुनाव लड़ेंगे.
यह भी पढ़ें: अपना सीएम कैंडिडेट चंद्रशेखर आजाद को बनाया, फिर अखिलेश और कांग्रेस को दिया ये ऑफर
अखिलेश के पीडीए को चुनौती
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दलित चेहरे को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाना ओवैसी का एक मास्टरस्ट्रोक है, जिसका सीधा असर अखिलेश यादव की रणनीति पर पड़ सकता है. अखिलेश यादव 2022 और 2024 के चुनाव से ही दलित वोटरों को अपने पीडीए (PDA) फॉर्मूले में जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी संविधान का मुद्दा उठाकर दलितों के करीब जाने का प्रयास कर रहे हैं. ऐसे में चंद्रशेखर को सीएम फेस बनाकर ओवैसी ने दलित वोटरों को एक सीधा और मजबूत विकल्प दे दिया है कि उनके पास एक दलित सीएम चेहरा मौजूद है.
यह भी पढ़ें: अपना सीएम कैंडिडेट चंद्रशेखर आजाद को बनाया, फिर अखिलेश और कांग्रेस को दिया ये ऑफर
दलित-मुस्लिम गठजोड़ की रणनीति
इस गठबंधन के पीछे एक सोची-समझी रणनीति यह भी है कि चंद्रशेखर का अपना दलित वोट बैंक ओवैसी के उम्मीदवारों को वोट देने में झिझक महसूस न करे. जब मोर्चे का चेहरा एक दलित नेता (चंद्रशेखर) होगा, तो दलित वोटर आसानी से गठबंधन के सभी प्रत्याशियों (चाहे वह ओवैसी की पार्टी के हों) को वोट कर सकते हैं. इसके अलावा, चंद्रशेखर आजाद लगातार मुस्लिम मुद्दों (जैसे संभल हिंसा और सहारनपुर मस्जिद मामला) पर संसद से लेकर सड़क तक मुखर रहे हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में नगीना सीट पर भी उन्हें दलितों के साथ मुस्लिमों का पूरा समर्थन मिला था. अब ओवैसी की आक्रामक शैली और चंद्रशेखर का दलित चेहरा मिलकर यूपी चुनाव में क्या कमाल दिखाएंगे, यह देखना दिलचस्प होगा.
यह भी पढ़ें: अपना सीएम कैंडिडेट चंद्रशेखर आजाद को बनाया, फिर अखिलेश और कांग्रेस को दिया ये ऑफर
ADVERTISEMENT










