जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट में जाएंगे अखिलेश यादव? आया ये बड़ा बयान

यूपी तक

• 11:45 AM • 10 Oct 2026

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन को लेकर गाजीपुर, टिकरी और चिल्ला बॉर्डर समेत कई जगह सुरक्षा बढ़ाई गई है. अखिलेश यादव ने आंदोलन का समर्थन किया, जबकि कांग्रेस ने प्रदर्शन से दूरी बनाई है.

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav

Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज होने वाले 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन को लेकर राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर सियासी और प्रशासनिक पारा अपने चरम पर है. मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग और चुनाव आयोग के कथित पक्षपातपूर्ण रवैये के खिलाफ सड़कों पर उतरने वाले युवाओं को रोकने के लिए दिल्ली से सटे तमाम बॉर्डर्स पर पुलिस, आरएएफ और बीएसएफ के जवानों का कड़ा पहरा बैठा दिया गया है. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पों की खबरों के बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस आंदोलन को खुला समर्थन दिया है और सोशल मीडिया पर तीखा प्रहार करते हुए चेतावनी दी है कि सरकार के रोकने से यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है.

यह भी पढ़ें...

दिल्ली के बॉर्डर्स पर छावनी जैसे हालात, पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी

भारी सुरक्षा बल तैनात: गाजीपुर बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर, अप्सरा बॉर्डर और चिल्ला बॉर्डर (जहां नोएडा और दिल्ली पुलिस के साथ बीएसएफ के जवान तैनात हैं) पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

बैरिकेडिंग और चेकिंग: दिल्ली आने वाले रास्तों पर सघन चेकिंग और बैरिकेडिंग की गई है ताकि प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे युवाओं को दिल्ली में प्रवेश करने से रोका जा सके.

झड़पें: पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोके जाने के दौरान कई जगहों पर तीखी नोकझोंक और प्रदर्शनकारियों के भिड़ने की तस्वीरें भी सामने आई हैं.

अखिलेश यादव का तीखा वार

बलिया में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र को बचाने और चुनाव आयोग के रवैये को उजागर करने वाले इस संघर्ष में समाजवादी पार्टी पूरी तरह साथ है. हालांकि अपने तीन दिनों के टाइट शेड्यूल का हवाला देते हुए उन्होंने खुद दिल्ली न जा पाने की बात कही, लेकिन नैतिक समर्थन का ऐलान किया.

प्रदर्शन से ठीक पहले एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश ने लिखा 'किसी के रोके नहीं रुकेगा. अब दिल्ली में देश जुटेगा. हम देश की युवा ऊर्जा के साथ हैं.भाजपा सरकार अगर समझ रही है कि वह ताकत के बल पर जनता को रोक लेगी तो यह उसकी और भी बड़ी भूल साबित होगी. जंतर-मंतर अब एक जगह का नाम नहीं, एक नई चेतना और जागरण का प्रतीक बन गया है. अगर सरकार ने आंदोलनकारियों को रोका तो देश में हर जगह जंतर-मंतर बन जाएगा.'

EC पर गंभीर आरोप

अखिलेश ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि आयोग ने वोट कटवाने के मामलों में कोई कार्रवाई नहीं की और बीजेपी के इशारों पर काम किया है.

ममता और 'आप' का साथ, कांग्रेस ने बनाई दूरी

जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन को लेकर विपक्षी खेमे में अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिल रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता भी इसका हिस्सा बनेंगे. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे प्रदर्शन से पूरी तरह किनारा कर लिया है.

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग और टकटकी लगाए निगाहें

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का यह प्रदर्शन मुख्य रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के इस्तीफे और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने के लिए आयोजित किया गया है. इससे पहले विपक्षी दल राष्ट्रपति से भी मुलाकात कर चुके हैं. अब यह देखना अहम होगा कि दिल्ली पुलिस की भारी सख्ती और बैरिकेडिंग के बीच यह प्रदर्शन कितना सफल हो पाता है और सियासी गलियारों में इसके क्या दूरगामी परिणाम सामने आते हैं.

ये भी पढ़ें: कौन हैं IPS ऐश्वर्या सिंह, जिन्हें कोई बता रहा ‘लेडी सिंघम’ तो कोई ‘शेरनी’? जानें दिल्ली प्रदर्शन के बीच चर्चा में क्यों आईं ये अधिकारी