उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की एक आपत्तिजनक एडिटेड तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है. इस मामले में बलिया पुलिस ने एक सोशल मीडिया यूजर के खिलाफ FIR दर्ज की है.
ADVERTISEMENT
आरोप है कि फेसबुक पर राजभर की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर उसे अपमानजनक तरीके से पोस्ट किया गया. शिकायतकर्ता ने इसे मंत्री की सामाजिक, राजनीतिक और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बताया है. पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है.
मेंढक के शरीर पर लगाया राजभर का चेहरा
पुलिस के मुताबिक, मामला बुधवार देर रात दर्ज किया गया. शिकायत SBSP के सियर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरि नाथ राजभर ने की थी. इसके आधार पर फेसबुक यूजर कलीम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया.
FIR के अनुसार, आरोपी ने 8 सितंबर को एक एडिटेड तस्वीर फेसबुक पर शेयर की थी. इसमें ओम प्रकाश राजभर का चेहरा एक मेंढक के शरीर पर लगाया गया था. तस्वीर के साथ हंसने वाला इमोजी भी लगाया गया था.
शिकायत में लगाया जानबूझकर अपमान का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि तस्वीर को जानबूझकर इस तरह तैयार करके पोस्ट किया गया, जिससे ओम प्रकाश राजभर का अपमान हो और उनकी सामाजिक, राजनीतिक तथा सार्वजनिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे.
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जांच शुरू कर दी है. अब पुलिस पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट किस परिस्थिति में किया गया और इसके पीछे आरोपी की मंशा क्या थी.
आरोपी के मुंबई में होने की बात
उभांव थाने के थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी बलिया के बिथुआ गांव का रहने वाला है. फिलहाल उसके मुंबई में होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अब जांच में सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े तथ्यों और आरोपी की भूमिका को देखा जाएगा.
ADVERTISEMENT











