2 हथियार, सोने के जेवरात और बेशकीमती जमीनें... अखिलेश के चाचा रामगोपाल यादव की प्रॉपर्टी डिटेल आई सामने

संतोष शर्मा

• 08:48 AM • 01 Oct 2026

समाजवादी पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी प्रोफेसर रामगोपाल यादव के चुनावी हलफनामे में उनकी संपत्ति और देनदारियों का ब्योरा सामने आया है. उनके पास 9.99 करोड़ रुपये से ज्यादा की अचल संपत्ति और 4.61 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल संपत्ति दर्ज है.

UP Tak
Google CTA

समाजवादी पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी प्रोफेसर रामगोपाल यादव की संपत्ति का ब्यौरा सामने आ गया है. चुनावी हलफनामे में दर्ज जानकारी के मुताबिक, उनके पास करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति है. इसके अलावा बैंक खातों में जमा रकम, एफडी, सोने के जेवरात और हथियार भी उनकी संपत्ति में शामिल हैं.

यह भी पढ़ें...

रामगोपाल यादव के तीन बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 39 लाख 88 हजार 539 रुपये जमा हैं. इसके अलावा स्टेट बैंक की पार्लियामेंट ब्रांच में उनकी एक करोड़ रुपये से ज्यादा की एफडी है.

88.50 लाख रुपये के सोने के जेवर

रामगोपाल यादव के पास सोने के जेवरात भी हैं. ब्यौरे के मुताबिक उनके पास आधा किलो से ज्यादा सोना है, जिसकी कीमत करीब 88 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है. उनकी चल संपत्ति में बैंक जमा और एफडी के अलावा सोने के जेवरात भी शामिल हैं.

अमेरिकी कार्बाइन और जर्मन रिवाल्वर भी

रामगोपाल यादव के संपत्ति के ब्यौरे में हथियारों का भी जिक्र है. उनके पास 30 बोर की एक अमेरिकन कार्बाइन और 32 बोर की एक जर्मन रिवाल्वर दर्ज है.

जसवंतनगर में चार प्लॉट

रामगोपाल यादव के पास इटावा के जसवंतनगर में कई प्लॉट हैं. ब्यौरे के मुताबिक जसवंतनगर के नगला सुभान में उनके चार प्लॉट हैं, जिनकी कुल कीमत 1 करोड़ 33 लाख 59 हजार 775 रुपये बताई गई है.

इसके अलावा सैफई में उनके नाम दो प्लॉट हैं. इनमें एक प्लॉट की कीमत 1 करोड़ 10 लाख रुपये और दूसरे की कीमत 63 लाख 82 हजार रुपये बताई गई है.

सोनाई गांव में भी दो प्लॉट

जसवंतनगर के सोनाई गांव में भी रामगोपाल यादव के नाम दो प्लॉट हैं. इनमें एक की कीमत 1 करोड़ 40 लाख रुपये से ज्यादा और दूसरे की कीमत 25 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है. इन जमीनों और अन्य अचल संपत्तियों को मिलाकर रामगोपाल यादव की कुल अचल संपत्ति 9 करोड़ 99 लाख 88 हजार 375 रुपये बताई गई है.

4.61 करोड़ रुपये की चल संपत्ति

रामगोपाल यादव की चल संपत्ति 4 करोड़ 61 लाख 25 हजार 154 रुपये बताई गई है. इसमें बैंक में जमा रकम, एफडी, सोने के जेवरात समेत अन्य संपत्तियां शामिल हैं. इस तरह उनके पास अचल और चल संपत्ति को मिलाकर करोड़ों रुपये की संपत्ति है.

करीब एक करोड़ रुपये का कर्ज भी

संपत्ति के साथ रामगोपाल यादव पर कर्ज भी है. उनके ऊपर 99 लाख 86 हजार 478 रुपये की देनदारी दर्ज है. 

ये भी पढ़ें- अरबों की संपत्ति, शेयर-म्यूचुअल फंड्स का अंबार... सपा के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज नाथवानी की प्रॉपर्टी डिटेल आई सामने