यूपी चुनाव: एसपी के गठबंधन में क्या है यह जोकर पॉलिटिक्स? किसने किसको और क्यों कहा जोकर

कुमार अभिषेक

• 08:17 AM • 06 Dec 2021

यूपी में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी (एसपी) के गठबंधन में इन दिनों ‘जोकर पॉलीटिक्स’ चल रही है. पिछले दिनों एसपी की सहयोगी…

UPTak
Google CTA

यूपी में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी (एसपी) के गठबंधन में इन दिनों ‘जोकर पॉलीटिक्स’ चल रही है. पिछले दिनों एसपी की सहयोगी पार्टी महान दल के नेता केशव देव मौर्य ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर को एक इंटरव्यू में जोकर कह दिया था. इस पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अगर 24 करोड़ जनता जोकर मान ले, तो अखिलेश यादव को सीएम बनने से कोई रोक नहीं सकता है.

यह भी पढ़ें...

ऐसा लग रहा है कि यूपी में विधानसभा चुनाव के ऐलान से पहले समाजवादी पार्टी के सहयोगियों के बीच खींचतान बढ़ रही है. इसकी एक झलक हाल में दिखी. महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने सुभासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को ‘जोकर’ कह दिया. बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव की ओर से ओम प्रकाश राजभर को ज्यादा तवज्जो दिए जाने से केशव देव मौर्य नाराज चल रहे हैं.

एक निजी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में महान दल के नेता केशव देव मौर्य का ओम प्रकाश राजभर को लेकर ‘जोकर’ वाला बयान सामने आया है. लखनऊ के सियासी गलियारे में चर्चा है कि जिस तरह अखिलेश यादव हर मौके पर ओम प्रकाश राजभर को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं, वह एसपी के अन्य सहयोगी दलों को नागवार गुजर रहा है. यही वजह है कि अब एक-दूसरे पर ही बयानबाजी की जा रही है.

अब केशव देव मौर्य के इस बयान पर ओम प्रकाश राजभर की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है. उनका कहना है, ‘एक मंडली होती है, उस मंडली में एक जोकर होता है, सबकी निगाह जोकर की तरफ होती है, और 24 करोड़ जनता जोकर मान ले, तो अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता है.’

केशव देव मौर्य और ओम प्रकाश राजभर की बयानबाजी का मामला अखिलेश यादव के पास पहुंचा. अखिलेश ने साफ कहा कि गठबंधन में इस तरह की बात नहीं होनी चाहिए. इसके बाद केशव देव मौर्य ने अपने बयान पर खेद जताया है, लेकिन बयानबाजी से साफ हो गया है कि एसपी गठबंधन के अंदर अभी सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है.