राणा सांगा पर बयान देकर घिरे सपा MP रामजीलाल सुमन के काफिले पर करणी सेना ने किया हमला तो भड़के अखिलेश, ये बोले

यूपी तक

27 Apr 2025 (अपडेटेड: 27 Apr 2025, 05:52 PM)

UP News: अलीगढ़ में सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हमला किया है. अब इसको लेकर सपा चीफ अखिलेेश यादव भड़क गए हैं.

Akhilesh Yadav, Karni Sena, Karni Sena Attack on Ramji Lal Suman, Ramji Lal Suman, Ramji Lal Suman News, SP MP Ramji Lal Suman, UP NEWS, UP Politics, Akhilesh Yadav News

UP News

Google CTA

UP News: समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर अलीगढ़ में करणी सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किया गया है. सपा सांसद के काफिले को काला झंडा दिखाया गया है और टायर फेंके गए हैं. इस दौरान सपा सांसद के काफिले में शामिल गई गाड़ियां क्षतिग्रस्त भी हो गई हैं. राहत की बात ये है कि इस दौरान सपा सांसद और उनके साथ काफिले में जा रहे लोगों को कोई चोट नहीं आई है. इस मामले में अलीगढ़ पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

अब इसको लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बयान सामने आया है. अखिलेश यादव ने इसे रामजीलाल सुमन के ऊपर जानलेवा हमला करार दिया है. उन्होंने ये भी कहा है कि इस हमले की गहरी साजिश रची गई है. अखिलेश यादव ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा है कि एक दिन भाजपाई और उनके संगी-साथी भी ऐसे हिंसक तत्वों का शिकार होंगे. 

रामजीलाल सुमन मामले को लेकर भड़के अखिलेश यादव

सपा चीफ अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया X पर ट्वीट किया. उन्होंने लिखा,  सांसद माननीय रामजी लाल सुमन के क़ाफ़िले पर टायर व पत्थर फेंककर, उनके ऊपर जो जानलेवा हमला हुआ है वो उस ऐक्सीडेंट का कारण बना है, जो प्राणांतक दुर्घटना में भी बदल सकता था. ये एक आपराधिक कृत्य है. इतने टायर एक साथ इकट्ठा करना, एक गहरी साज़िश का सबूत ख़ुद है.

सपा चीफ ने आगे लिखा,  ये एक बार फिर इंटेलिजेंस की गहरी चूक है या फिर जानबूझकर की गयी अनदेखी है. अगर शासन-प्रशासन ये सब जानते हुए भी अंजान बनने की कोशिश कर रहा है तो वो ये जान ले कि अराजकता किसी को भी नहीं बख्शती है, एक दिन भाजपाई और उनके संगी-साथी भी ऐसे हिंसक तत्वों का शिकार होंगे. देश में एक सांसद के ऊपर हुए जानलेवा हमले का संज्ञान लेना वाला कोई है या फिर ‘पीडीए का सांसद’ होने के कारण वर्चस्ववादियों की सरकार शर्मनाक चुप्पी साधकर भूमिगत हो जाएगी.

ये भी पढ़ें: करणी सेना ने फेंक दिए रामजीलाल सुमन के काफिले पर टायर, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त, सपा सांसद किस हाल में हैं?

सपा चीफ अखिलेश यादव ने आगे लिखा, अब क्या बुलडोज़र का दम बेदम हो गया है या उप्र की सरकार ने अराजकता के आगे समर्पण कर दिया है या फिर ये सब उप्र सरकार की रज़ामंदी से हो रहा है? घोर, घोर, घोर निंदनीय!

काफिले पर यूं किया गया हमला

सपा सांसद के काफिले पर अलीगढ़ में हमला किया गया है. फिलहाल अलीगढ़ पुलिस ने सपा सांसद को आगरा के लिए रवाना कर दिया है. अब इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने काफिले को काला कपड़ा दिखाया और गाड़ियों पर टायर फेंके. यहां तक की काफिले के आगे सड़कों पर भी टायर फेंक दिए. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है.

राणा सांगा को लेकर दिया था विवादित बयान

बता दें कि सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने पिछले दिनों राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर विवादित बयान दिया था. उन्होंने राणा सांगा को गद्दार कहा था और दावा किया था कि बाबर को राणा सांगा ने ही भारत बुलाया था. इसके बाद वह करणी सेना और हिंदूवादी संगठनों के निशाने पर हैं.