Dharmendra Kashyap News: उत्तर प्रदेश में बीजेपी की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची सामने आने के बाद आंवला से पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. धर्मेंद्र कश्यप ने सोशल मीडिया पर सिर्फ 'टाटा बाय-बाय' लिखा है. उनकी पोस्ट में न तो बीजेपी का नाम लिया गया है और न ही पार्टी छोड़ने की कोई सीधी घोषणा की गई है. इसके बावजूद राज्यसभा टिकट न मिलने के बाद सामने आई इस पोस्ट को लेकर उनके अगले राजनीतिक कदम पर सवाल उठने लगे हैं. खास बात यह है कि पिछले कुछ समय में उनकी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकातें भी चर्चा में रही हैं.
ADVERTISEMENT
2014 और 2019 में BJP के टिकट पर जीते थे चुनाव
धर्मेंद्र कश्यप आंवला लोकसभा सीट से 2014 और 2019 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे. हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इस बार उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित होने से पहले उनका नाम भी संभावित दावेदारों की चर्चा में था. लेकिन बीजेपी की घोषित सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया. इसके बाद उनकी ओर से 'टाटा-बाय-बाय' वाली पोस्ट सामने आई, जिसने राजनीतिक चर्चा को और बढ़ा दिया. हालांकि इस पोस्ट का सीधा मतलब क्या है, इसे लेकर धर्मेंद्र कश्यप की तरफ से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है.
अखिलेश यादव से मुलाकातों ने बढ़ाया सस्पेंस
धर्मेंद्र कश्यप की हाल के दिनों में अखिलेश यादव से हुई मुलाकातों ने भी इस पूरे घटनाक्रम को चर्चा में ला दिया है. अब 'टाटा-बाय-बाय' पोस्ट के बाद इन मुलाकातों को भी जोड़कर देखा जा रहा है. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी पोस्ट को बीजेपी से दूरी बनाने के संकेत के तौर पर लिया. वहीं, सपा समर्थकों की तरफ से उनकी पोस्ट पर 'वेलकम सांसद जी' जैसे कमेंट भी किए गए. हालांकि अभी तक धर्मेंद्र कश्यप ने न तो बीजेपी छोड़ने का ऐलान किया है और न ही समाजवादी पार्टी में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा की है. इसलिए फिलहाल इसे एक सोशल मीडिया पोस्ट से पैदा हुई राजनीतिक अटकल के तौर पर ही देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने पर धनराज नाथवानी ने क्या कहा? कुछ दिन पहले ही बनाए गए हैं राज्यसभा कैंडिडेट
कौशल किशोर के बेटे की पोस्ट भी चर्चा में
बीजेपी की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची आने के बाद मोहनलालगंज से पूर्व सांसद कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर की सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आई. विकास किशोर ने लिखा, 'जिस परिवार में मां-बाप का मान और सम्मान न हो, उस परिवार में नहीं रहना चाहिए.' उनकी इस पोस्ट को कौशल किशोर को राज्यसभा टिकट नहीं मिलने से जोड़कर देखा जा रहा है. इस बीच धर्मेंद्र कश्यप की पोस्ट ने भी यूपी बीजेपी से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज कर दी है.
BJP ने यूपी से घोषित किए 8 राज्यसभा उम्मीदवार
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है. बीजेपी ने इनमें से 8 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं. अब धर्मेंद्र कश्यप की 'टाटा-बाय-बाय' पोस्ट के बाद नजर इस बात पर है कि वह आगे इस पोस्ट को लेकर क्या कहते हैं. फिलहाल उन्होंने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनकी एक लाइन ने यूपी की सियासत में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है.
ADVERTISEMENT











