Dharmendra Kashyap Resigns: उत्तर प्रदेश में आंवला से पूर्व बीजेपी सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने अब पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट लिखकर बीजेपी की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता छोड़ने का ऐलान किया. धर्मेंद्र कश्यप ने अपने इस्तीफे में पार्टी के भीतर काम करने के तरीके और पिछड़े-अति पिछड़े समाज को सम्मान न मिलने पर नाराजगी जताई है. उनके इस कदम के बाद उनके समाजवादी पार्टी में जाने की अटकलें तेज हो गई हैं. हालांकि, सपा में शामिल होने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
ADVERTISEMENT
फेसबुक पोस्ट में धर्मेंद्र कश्यप ने क्या लिखा?
धर्मेंद्र कश्यप ने फेसबुक पर अपने इस्तीफे में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को संबोधित किया. उन्होंने लिखा कि पार्टी में भीतरघात करने वाले और लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ वोटिंग करने वाले नेताओं को पहली पंक्ति में जगह मिली है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी को कमजोर करने वालों को भी महत्व दिया जा रहा है, जबकि पिछड़े और अति पिछड़े समाज को पार्टी में उचित स्थान और सम्मान नहीं मिल रहा है. धर्मेंद्र कश्यप ने लिखा कि इन परिस्थितियों से आहत होकर वह बीजेपी की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं. साथ ही उन्होंने अपने त्यागपत्र को स्वीकार करने का अनुरोध किया है.
राज्यसभा का टिकट कटने के बाद बढ़ी थी नाराजगी की चर्चा
उत्तर प्रदेश में बीजेपी की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची सामने आने के बाद से ही धर्मेंद्र कश्यप के अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चा हो रही थी. उम्मीदवारों के नाम घोषित होने से पहले उनका नाम भी संभावित दावेदारों में लिया जा रहा था, लेकिन अंतिम सूची में उन्हें जगह नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर सिर्फ 'टाटा बाय-बाय' लिखा था. उस समय उन्होंने न तो सीधे बीजेपी छोड़ने की घोषणा की थी और न ही पोस्ट में पार्टी का नाम लिया था. अब इस्तीफे की घोषणा के बाद उनकी पिछली पोस्ट को भी राज्यसभा का टिकट न मिलने के बाद उपजी नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है.
2014 और 2019 में बीजेपी के टिकट पर जीते थे चुनाव
धर्मेंद्र कश्यप आंवला लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर 2014 और 2019 में चुनाव जीतकर सांसद बने थे. हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद भी वह पार्टी में सक्रिय रहे और इस बार राज्यसभा के संभावित उम्मीदवारों को लेकर उनका नाम चर्चा में था. लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद पहले उनकी 'टाटा-बाय-बाय' पोस्ट सामने आई और अब उन्होंने पार्टी की सदस्यता छोड़ने का ऐलान कर दिया है. उनके इस्तीफे से बरेली और आंवला क्षेत्र की राजनीति में भी हलचल बढ़ने की संभावना है.
अखिलेश यादव से मुलाकातों के बाद सपा में जाने की चर्चा
धर्मेंद्र कश्यप की पिछले कुछ समय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकातें भी चर्चा में रही हैं. राज्यसभा का टिकट कटने के बाद उनकी सोशल मीडिया पोस्ट पर सपा समर्थकों ने 'वेलकम सांसद जी' जैसे कमेंट किए थे. अब बीजेपी से इस्तीफा देने के बाद उनके सपा में जाने की अटकलें फिर तेज हो गई हैं. हालांकि, धर्मेंद्र कश्यप ने अभी तक समाजवादी पार्टी में शामिल होने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. इसलिए उनके अगले राजनीतिक कदम पर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है.
यूपी तक के इंटरव्यू में बेटी को लेकर कही थी ये बात
राज्यसभा टिकट को लेकर चर्चा के बीच धर्मेंद्र कश्यप ने यूपी तक को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि अब चुनाव उनकी बेटी लड़ेगी. उनके इस बयान के बाद भी उनके राजनीतिक भविष्य और परिवार की आगे की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे. अब बीजेपी से इस्तीफे के बाद यह देखना अहम होगा कि धर्मेंद्र कश्यप आगे किस राजनीतिक दल के साथ जुड़ते हैं और उनकी बेटी को लेकर कही गई बात का चुनावी राजनीति में क्या असर पड़ता है.
यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव कितने भाजपा नेता को सपा में ले आएंगे? इन नामों की है चर्चा
ADVERTISEMENT











