मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'सेव डेमोक्रेसी मार्च' निकाल रहे इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में एक से बढ़कर एक हाई-वोल्टेज सियासी तस्वीरें सामने आईं. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में जिस एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया, वह था कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी का तेवर. अपने भाई राहुल गांधी की हिरासत की खबर मिलते ही किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन पहुंचीं प्रियंका गांधी ने जब देखा कि मुख्य दरवाजा बंद है तो वह बिना झिझक ऊंचे लोहे के गेट पर ही चढ़ गईं. पुलिसकर्मी हैरान देखते रह गए और आखिरकार प्रियंका ने गेट खुलवाकर कार्यकर्ताओं को अंदर प्रवेश दिला दिया. इस वाकये के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
आकाशवाणी भवन में 8 घंटे का धरना
6 अक्टूबर को इंडिया ब्लॉक के घटक दलों ने SIR के विरोध, वोट चोरी के आरोप और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद भवन से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाला. इस प्रदर्शन में राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्ष के तमाम बड़े नेता शामिल थे.
पुलिस ने जब मार्च को रास्ते में रोका तो राहुल गांधी हाथों में तिरंगा लिए सीधे बैरिकेड्स पर चढ़ गए. आगे का रास्ता बंद होने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर धरने पर बैठ गए. इस दौरान एक तस्वीर में प्रियंका गांधी जमीन पर सिर झुकाकर बैठी नजर आईं जिन्हें चारों तरफ से पुलिस घेरे हुए थी. बाद में पुलिस उन्हें जबरन उठाकर ले गई.
जब बंद गेट पर चढ़ गईं प्रियंका
रात करीब 8 बजे जब दिल्ली पुलिस ने जबरन कार्रवाई करते हुए आकाशवाणी भवन से प्रदर्शनकारियों को बसों में भरना शुरू किया तो माहौल और गरम हो गया. राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को बसों में भरकर किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन (डिटेंशन सेंटर) ले जाया गया. प्रियंका गांधी जैसे ही किंग्सवे कैंप पहुंचीं और गेट बंद पाया वह तुरंत गेट के ऊपर चढ़ गईं. कुछ देर तक वह गेट के ऊपर डटी रहीं और वहीं से रास्ता खोलने का दबाव बनाया. इसके बाद गेट खोलना पड़ा और कार्यकर्ताओं का हुजूम अंदर दाखिल हो गया.
हिरासत के दौरान बसों के अंदर से भी नेताओं का विरोध थमा नहीं. प्रियंका गांधी पुलिस वाहन की खिड़की से लगातार नारेबाजी करती दिखाई दीं.
260 लोग हिरासत में, 2 घंटे बाद रिहाई
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस प्रदर्शन के लिए कोई लिखित अनुमति नहीं दी गई थी और इलाके में धारा 144/निषेधाज्ञा लागू थी. पुलिस ने अखिलेश यादव, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और 10 सांसदों समेत लगभग 260 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. किंग्सवे कैंप न्यू पुलिस लाइन में करीब दो घंटे तक हिरासत में रखने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत बाकी नेताओं को देर रात रिहा कर दिया गया.
ADVERTISEMENT











