कोरियर कंपनी में मांगने आया नौकरी फिर मैनेजर विकास तिवारी पर चला दी गोली, बनारस में कांड करने वाला ये युवक कौन?

रोशन जायसवाल

• 01:06 PM • 02 Jul 2025

वाराणसी में नौकरी मांगने आए युवक ने कोरियर कंपनी के मैनेजर विकास तिवारी पर गोली चला दी. मैनेजर BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती, हालत सामान्य.

In Varanasi, a man shot courier company manager Vikas Tiwari

In Varanasi, a man shot courier company manager Vikas Tiwari

Google CTA

वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. नसीरपुर प्रज्ञापुरम कॉलोनी में स्थित कोरियर कंपनी के गोदाम में एक युवक पहले नौकरी मांगने पहुंचा और कुछ देर बाद वापस आकर कंपनी के मैनेजर पर गोली चला दी. गोली मैनेजर विकास तिवारी (उम्र 27) के चेहरे पर लगी. हालांकि, गोली नाक को छूते हुए निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई है. उन्हें BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.

यह भी पढ़ें...

वारदात कैसे हुई?

मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के रोहतास निवासी विकास तिवारी कोरियर कंपनी में बतौर मैनेजर कार्यरत हैं. सोमवार रात को गोडाउन में एक युवक नौकरी मांगने आया. विकास तिवारी ने उसे अगली सुबह आने की बात कही. दोनों के बीच हल्की कहासुनी भी हुई.

इसके करीब आधे घंटे बाद वही युवक दोबारा लौटा और विकास तिवारी के चेहरे पर गोली चला दी. गोली लगते ही विकास लहूलुहान होकर गिर पड़े. मौके पर पहुंचे अन्य कर्मचारियों और पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया.

पुलिस का क्या कहना है?

काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया, 'युवक पहले नौकरी के लिए आया था. विकास तिवारी ने कहा कि सुबह आना, तभी पूरी जानकारी दी जाएगी. करीब आधे घंटे बाद युवक लौटा और फायरिंग कर दी. गोली उनके चेहरे को छूते हुए निकल गई. CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान हो चुकी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी.' 

हमलावर भागते समय मैनेजर का मोबाइल भी छीनकर फरार हो गया. शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर पूरी योजना बनाकर आया था और गोदाम बंद होने के समय का फायदा उठाया.