Sonbhadra News: आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं. इस दौरान उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
ADVERTISEMENT
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, साइबर धोखाधड़ी, पारिवारिक विवाद, आपसी मारपीट, गुमशुदगी तथा अन्य पुलिस संबंधी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं. एसपी ने प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि सभी शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक और मौके पर जाकर जांच की जाए. साथ ही पीड़ितों को की गई कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर पुलिसकर्मियों द्वारा लापरवाही, अनावश्यक विलंब या फरियादियों के उत्पीड़न की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों में तत्काल पुलिस हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उनमें बिना देरी किए पुलिस बल भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि जनता दर्शन कार्यक्रम पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और संवाद मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है.
सोनभद्र पुलिस ने बताया कि आम जनता, विशेषकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और लोगों को समय पर न्याय दिलाने के लिए ऐसे जनसुनवाई कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे.
ADVERTISEMENT











