Anuj Trivedi 25 Marriages Case: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पहचान छिपाकर 25 महिलाओं से शादी करने और करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपी अनुज त्रिवेदी की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं. अनुज के खिलाफ अब उनके समधी और भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने भी एफआईआर दर्ज कराई है. रेउसा थाने में दर्ज शिकायत में विधायक ने धोखाधड़ी समेत कई आरोप लगाए हैं. खास बात यह है कि करीब दो साल पहले ही विधायक ने अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी की शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से की थी.
ADVERTISEMENT
विधायक ज्ञान तिवारी ने दर्ज करवाई शिकायत
विधायक ज्ञान तिवारी की शिकायत के मुताबिक, उनकी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी का विवाह 14 फरवरी 2024 को सीतापुर के मिश्रिख क्षेत्र के चंद्रावल निवासी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से हुआ था. शादी में करीब 15 हजार लोग शामिल हुए थे. शिकायत में कहा गया है कि बेटी के मांगलिक होने की वजह से विवाह तय करने से पहले लड़के और उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाई गई थी. उस समय अनुज त्रिवेदी ने कथित तौर पर खुद को मुंबई का रियल एस्टेट कारोबारी बताया था.
बेटे के बारे में भी बताई थी अलग जानकारी
शिकायत के अनुसार अनुज त्रिवेदी ने अपने बेटे प्रखर के बारे में बताया था कि वह गांव में स्कूल चलाता है. साथ ही वह बागवानी और खेती का काम भी संभालता है. इन जानकारियों के आधार पर विवाह तय हुआ. लेकिन शादी के करीब दो साल बाद सोशल मीडिया के जरिए विधायक को अनुज त्रिवेदी पर लगे कथित फर्जीवाड़े की जानकारी मिली. आरोप सामने आने के बाद विधायक ने अपने स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया और अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
25 शादियों और करोड़ों की ठगी का आरोप
अनुज त्रिवेदी पर आरोप है कि उसने अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग महिलाओं से करीब 25 शादियां कीं और उनके साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की. इस मामले में मुंबई पुलिस पहले ही अनुज को गिरफ्तार कर चुकी है. वह डोंबिवली थाने में दर्ज एक एफआईआर के मामले में महाराष्ट्र में न्यायिक हिरासत में है. हालांकि, 25 महिलाओं से शादी और करोड़ों की ठगी से जुड़े आरोपों की जांच पुलिस स्तर पर होना बाकी है.
विधायक ने सोशल मीडिया पर भी जताई थी नाराजगी
ज्ञान तिवारी इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अनुज त्रिवेदी से अपने रिश्ते खत्म करने और खुद के साथ धोखा होने की बात सार्वजनिक कर चुके हैं. अब उन्होंने इस मामले में एक कदम आगे बढ़ाते हुए सीतापुर के रेउसा थाने में बाकायदा एफआईआर दर्ज कराई है. इससे मामले का दायरा और बढ़ गया है, क्योंकि अब आरोपी के खिलाफ उसके समधी की ओर से भी पुलिस कार्रवाई की मांग की गई है.
ADVERTISEMENT











