Chandauli Administration News: सावन माह के पावन अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के नवनियुक्त उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजेश कुमार वर्मा का सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन युवा भारती मंच द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान किया गया. इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा भगवान बाबा श्री काशी विश्वनाथ की स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं.
ADVERTISEMENT
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नवनियुक्त एसडीएम को नए दायित्व के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा. वक्ताओं ने प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय को क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक बताया.
युवा भारती मंच के अध्यक्ष प्रताप चौबे ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष माह है और ऐसे शुभ अवसर पर नए एसडीएम का सम्मान करना पूरे नगर के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी.
इस अवसर पर मदन मोहन पाठक, मुकेश महाराज, सचिन पटेल सहित मंच के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे. सभी ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा का स्वागत किया. कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने बाबा विश्वनाथ से क्षेत्र में शांति, विकास और जनकल्याण के कार्य निरंतर आगे बढ़ने की प्रार्थना की.
ADVERTISEMENT











