Ankit Balian Murder Case: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियन की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है. हत्या की साजिश रचने के आरोपी और गोगी गैंग से जुड़े गैंगस्टर राकेश उर्फ पम्पू ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को पत्र भेजकर अपनी सुरक्षा की मांग की है. करनाल जेल में बंद राकेश ने वकील के जरिए भेजे पत्र में कहा है कि अगर उत्तर प्रदेश पुलिस उसे जेल से कस्टडी में लेकर जाती है तो उसके हाथ-पैर में बेड़ियां लगाई जाएं और पूरी यात्रा की वीडियोग्राफी कराई जाए.
ADVERTISEMENT
पुलिस की कस्टडी से पहले गैंगस्टर ने मांगी सुरक्षा
राकेश उर्फ पम्पू इस समय हरियाणा की करनाल जेल में बंद है. उसने डीजीपी हरियाणा, करनाल जेल के अधिकारियों, करनाल पुलिस और शामली पुलिस के अधिकारियों को पत्र भेजा है. पत्र में उसने कस्टडी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई मांगें रखी हैं. राकेश ने कहा है कि जेल से उत्तर प्रदेश पुलिस जब उसे लेकर जाए तो उसके हाथ और पैरों में बेड़ियां बांधी जाएं. साथ ही जेल से ले जाने के समय से लेकर गंतव्य तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग की गई है.
बोला- हर वक्त सुरक्षा रहे, वीडियोग्राफी भी कराई जाए
गैंगस्टर ने अपने पत्र में यह भी मांग की है कि कस्टडी के दौरान हर समय उसके आसपास सुरक्षा रहे. दरअसल, अभी शामली पुलिस ने उसकी कस्टडी रिमांड के लिए आवेदन भी नहीं किया था, लेकिन अंकित बालियन हत्याकांड में उसका नाम सामने आने के बाद उसने पहले ही अधिकारियों को पत्र भेज दिया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अंकित की हत्या में शामिल बताए गए शूटरों के एनकाउंटर के बाद शामली के एसपी ने राकेश उर्फ पम्पू का नाम लिया था.
जेल में बैठकर हत्या की साजिश रचने का आरोप
राकेश उर्फ पम्पू पर आरोप है कि उसने जेल में रहते हुए अंकित बालियन की हत्या की साजिश रची. अब शामली पुलिस की टीम करनाल जेल जाकर उसकी कस्टडी रिमांड लेने की मांग करेगी. गैंगस्टर ने अपने वकील के जरिए पहले ही कस्टडी के दौरान सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को पत्र भेज दिया है. पत्र में उसकी मांगें सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है. हालांकि, राकेश के आरोपों और उसकी सुरक्षा संबंधी आशंकाओं पर पुलिस की ओर से कोई अंतिम प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
जिम से निकलते ही मारी गई थी गोली
बता दें कि 26 अगस्त को शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियन की हत्या कर दी गई थी. जानकारी के मुताबिक शाम करीब 7 बजे अंकित जिम से वर्कआउट करके बाहर निकले थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन पर करीब 20 राउंड फायरिंग कर दी. गोली अंकित के सिर में भी लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. अब पुलिस की जांच में राकेश उर्फ पम्पू का नाम सामने आने के बाद उसकी कस्टडी रिमांड अहम मानी जा रही है.
ADVERTISEMENT











