UP News: बरेली के इज्जत नगर रेलवे स्टेशन पर एक लंगूर ने यात्री पर हमला कर उसका कान काट लिया, कान काटने के बाद लंगूर वहां से भाग निकला. कान कटते ही यात्री काफी लघु लुहान हो गया. वहां मौजूद यात्री उसे फौरन जिला अस्पताल लेकर गए और उसे भर्ती करके उसका इलाज शुरू किया गया. अब लंगूर द्वारा यात्री का कान काटने का ये मामला खूब चर्चाओं में आ गया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, बरेली क्षेत्र में रहने वाले रामवृक्ष नाम के शख्स बरेली शहर आए थे. वह काम खत्म करने के बाद वापस अपने घर जा रहे थे. जैसे ही वह रेलवे स्टेशन पर आए, तभी वहां लंगूर ने उनपर हमला कर दिया और कान काटकर वहां से भाग निकला.
जब तक पीड़ित या आस-पास मौजूद लोग कुछ समझ पाते लंगूर भाग निकला और पीड़ित के काफी खून बहने लगा.
पीड़ित का शोर सुनने के बाद लोगों ने उन्हें फौरन जिला अस्पताल भिजवाया. वहां डॉक्टरों ने भर्ती करके इलाज किया. बताया जा रहा है कि पीड़ित किसी स्कूल में माली का काम करते हैं. वह काम खत्म करके ही घर लौट रहे थे. तभी उनपर रेलवे स्टेशन में लंगूर ने हमला कर दिया और कान काट लिया.
स्टेशन से बंदरों को भगाने के लिए किराए पर आया था लंगूर
बताया जा रहा है कि स्टेशन पर बंदरों का आतंक बहुत रहता है. आए दिन बंदर यात्री पर हमला करते रहते हैं. इसी वजह से इज्जत नगर रेलवे स्टेशन के अधिकारियों ने कुछ दिन पहले लंगूर किराए पर मांगे थे. मगर अब लंगूर ने ही यात्री पर हमला कर दिया और उसका कान काट डाला. बताया जा रहा है कि घटना सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन से लंगूरों को हटवा दिया गया है.
ADVERTISEMENT











