1978 में मस्जिद के बाहर बनी थी 12 दुकान, अब जब अकर्म मोचन कूप की खुदाई हुई शुरू तो ये सब सामने आया

अभिनव माथुर

• 11:49 AM • 14 Jan 2025

UP News: संभल में मस्जिद के सामने बनी 12 दुकानों के खिलाफ प्रशासन बड़ी कार्रवाई कर सकता है. ये दुकानें 1978 में बनी थी.

Sambhal, Sambhal News, Sambhal Police, Sambhal Hindi News, UP News

Sambhal, Sambhal News, Sambhal Police, Sambhal Hindi News, UP News

Google CTA

UP News: उत्तर प्रदेश के संभल में लगाताक कूपों, तीर्थों की खुदाई की जा रही है और अतिक्रमण के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है. इसी बीच संभल स्थित मस्जिद के बाहर मौजूद 12 दुकानों के खिलाफ भी प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. माना जा रहा है कि प्रशासन जल्द ही मस्जिद के बाहर स्थित 12 दुकानों के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है.

यह भी पढ़ें...

दरअसल संभल में मस्जिद के गेट पर अकर्म मोचन कूप की खुदाई की जा रही है. खुदाई के दौरान सामने आया कि यहां 1978 में 8 दुकानों समेत 12 दुकान बना दी गई थी. अब इन्हीं दुकानों को ध्वस्त करने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. एसडीएम ने सभी 12 दुकानों के व्यापारियों को बुलाकर दुकानों के दस्तावेज मांगे. इस दौरान दस्तावेज रजिस्टर्ड नहीं निकले. ऐसे में एसडीएम ने दुकानदारों को 1 दिन का समय दिया है.

प्रशासन करेगा बड़ी कार्रवाई

दरअसल संभल जामा मस्जिद से ढाई सौ मीटर की दूरी पर सदर कोतवाली के सामने स्थित मस्जिद के गेट पर स्थित 19 कूपों में से एक अकर्म मोचन कूप की खुदाई का काम शुक्रवार को डीएम राजेंद्र पैंसिया की मौजूदगी में शुरू हुआ. इसके बाद शनिवार को कुएं का रास्ता निकालने के लिए मस्जिद के आगे ही बुलडोजर ने एक दुकान को ध्वस्त करने की कार्रवाई की. मगर अब प्रशासन ने उसी कूप के पास से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए मस्जिद के बाहर बनी हुई 12 दुकानों को ध्वस्त करने का फैसला लिया है.

दुकानदारों के पास नहीं थे दस्तावेज

मिली जानकारी के मुताबिक, एसडीएम वंदना मिश्रा ने मस्जिद के बाहर स्थित सभी 12 दुकानों के व्यापारियों को बुलाकर कोतवाली में बैठक की और दुकानों से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन दुकानदारों ने एसडीएम के सामने जो दस्तावेज दिखाए, वह रजिस्टर्ड नहीं थे. इसके बाद प्रशासन ने कूप के आसपास और सड़क चौड़ीकरण के लिए नगर पालिका प्रशासन की टीम को बुलाकर बाजार की सड़क की नपाई कराई है. 

इसी बीच मस्जिद के मुतवल्ली हाजी एहतेशाम और एक दुकान में बैठने वाले जमाल रिजवी ने एसडीएम के सामने दुकानों का निर्माण 1978 में होने का दावा भी किया, लेकिन एसडीएम ने दस्तावेज दिखाने की ही बात कही. ऐसे में एसडीएम ने सभी दुकानों के व्यापारियों को दस्तावेज दिखाने के लिए एक दिन का समय दे दिया है. बता दें कि प्रशासन के इस फैसले के बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया है. 
माना जा रहा है कि प्रशासन जल्द ही मस्जिद के बाहर बनी हुई सभी 12 दुकानों को हटाने का काम करेगा और यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी.

एसडीएम ने ये कहा

इस पूरे मामले पर एसडीएम वंदना मिश्रा ने बताया, जिस जगह पर दुकानें बनी है, उस जगह पर सड़क की चौड़ाई कम हो गई है. उससे साफ पता लगता है कि दुकानें अतिक्रमण करके सड़क पर ही बनाई गई हैं. इसी को लेकर बैठक की गई और बताया गया कि खुद ही इन दुकानों को हटा लिया जाएं. मौके पर कुल 12 दुकानें है, जिनको लेकर निर्देश दिए गए है. इन लोगों के द्वारा बताया गया है कि 12 दुकानों में से 11 दुकानों का किराया मस्जिद के द्वारा ही लिया जाता है.