मुजफ्फरनगर में घुड़चड़ी के दौरान दूल्हे ने आसमान में तड़-तड़ाईं गोलियां, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी की शुरू की तलाश

संदीप सैनी

• 07:19 PM • 14 Nov 2026

मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में घुड़चड़ी की रस्म के दौरान दूल्हे ने लाइसेंसी राइफल से ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग की. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन टीमें आरोपियों की तलाश में लगा दी हैं. पुलिस बंदूक का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी कर रही है.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से हर्ष फायरिंग का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. सरकार और पुलिस द्वारा बार-बार एडवाइजरी जारी करने और चेतावनी देने के बावजूद लोग शादी-विवाह में हर्ष फायरिंग करने से बाज नहीं आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस नए वीडियो में एक दूल्हा शादी से पहले 'घुड़चड़ी' की रस्म के दौरान रथ पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है. उसके चेहरे पर मुस्कान है और वह हाथों में राइफल उठाकर हवा में ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा है. बारात में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और चरथावल थाने में मुकदमा दर्ज कर तीन टीमें आरोपियों की तलाश में लगा दी गई हैं.

यह भी देखें...

सहारनपुर से आई थी बारात

पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई है कि यह मामला मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के बुड्ढाखेड़ा गांव का है, जहां सहारनपुर से एक बारात आई थी. घुड़चड़ी की रस्म के दौरान जब दूल्हा रथ पर बैठा था, तभी किसी पड़ोसी ने उसे अपनी लाइसेंसी बंदूक पकड़ा दी. बंदूक हाथ में आते ही दूल्हा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने बिना किसी खौफ और सुरक्षा की परवाह किए हवा में हवाई फायरिंग शुरू कर दी.

बंदूक का लाइसेंस होगा निरस्त

हर्ष फायरिंग के इस वायरल वीडियो का पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया है. पुलिस का कहना है कि चरथावल थाने की तीन टीमों को इस मामले में लगा दिया गया है और वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जिस लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की गई है, उसके लाइसेंस को भी निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

हर्ष फायरिंग से जा सकती थी जान

हर्ष फायरिंग के दौरान अगर थोड़ी सी भी चूक हो जाती और यह गोली किसी बाराती या वहां मौजूद किसी बच्चे को लग जाती, तो शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल सकती थीं. इस फायरिंग में किसी की जान भी जा सकती थी. सवाल यह उठता है कि खुशियों के नाम पर खुलेआम हवा में गोलियां चलाने और नियमों का उल्लंघन करने का यह कौन सा तरीका है? अगर कोई बड़ा हादसा हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता, दूल्हा या वह व्यक्ति जिसने अपनी लाइसेंसी बंदूक उसे पकड़ाई थी?

यह भी पढ़ें: UP Weather: कल यूपी के 17 जिलों में होगी बारिश, 5 जिलों में घने कोहरे को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी