Moradabad Health News: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित चिरंजीवी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक युवक की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया. मृतक के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर गलत ऑपरेशन, इलाज में लापरवाही और गंभीर अनियमितता के आरोप लगाए हैं.
ADVERTISEMENT
परिजनों के अनुसार, युवक को पथरी के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनका आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने सही जानकारी देने के बजाय उसे जल्दबाजी में दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया. परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने डॉक्टरों और स्टाफ से युवक की हालत के बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया. आरोप है कि स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को भी बुला लिया.
परिजन युवक को दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद गुस्साए परिजनों ने चिरंजीवी अस्पताल के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष अभी सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











