Moradabad News: मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं, बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक ही पुलिस हल्के के दो अलग-अलग गांवों में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है. चोरों ने सैफपुर चित्तू और कमालपुर फतेहाबाद गांवों में दो घरों को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया. एक ही रात में हुई दो चोरियों से इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
ADVERTISEMENT
सैफपुर चित्तू में कूमल लगाकर घुसे चोर
पहली वारदात सैफपुर चित्तू गांव की है. यहाँ के निवासी नाजिम पुत्र नन्हे के मकान को चोरों ने निशाना बनाया. शातिर चोरों ने घर की दीवार में कूमल (सेंध) लगाया और अंदर दाखिल हो गए. चोरों ने घर के अंदर रखे कीमती बर्तन, कपड़े और तीन हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली. सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. सारा सामान बिखरा पड़ा था. पीड़ित नाजिम ने बताया कि इससे पहले भी उनका घर चोरों के निशाने पर आ चुका है.
कमालपुर में जेवरात और नकदी पार
चोरी की दूसरी वारदात इसी हल्के के कमालपुर गांव में सामने आई. यहाँ चोरों ने मोहम्मद अली पुत्र मोहम्मद जान के घर को निशाना बनाया. चोर घर के अंदर से सोने-चांदी के कीमती आभूषण और 11 हजार रुपये की नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए.
पीड़ित मोहम्मद अली ने बताया कि रात को सब सो रहे थे. सुबह करीब तीन बजे जब अचानक उनकी नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था. शक होने पर जब उन्होंने छानबीन की तो अलमारी और बक्से के ताले टूटे मिले, जिसमें से जेवरात और नकदी गायब थी. वहीं एक ही हल्के में हुईं दो वारदातों ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है लोग भयभीत हैं.
ADVERTISEMENT










