Mirzapur Power Cut News: शनिवार शाम से जिले में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान सिविल लाइन क्षेत्र में अशोका स्वीट के पास लगे 400 केवीए के ट्रांसफार्मर पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया. इसके चलते राजा विजयपुर कोठी और सिविल लाइन क्षेत्र के करीब 400 उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई.
ADVERTISEMENT
ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अभियंता और कर्मचारी मौके पर पहुंचे. टीम ने काफी मशक्कत कर ट्रांसफार्मर को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी. बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है.
इस संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड मिर्जापुर इंजीनियर आर.के. यादव ने बताया कि भारी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ है. इसे बदलकर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है. संबंधित अभियंताओं को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं.उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि शीघ्र ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
ADVERTISEMENT











