मेरठ में पति की हत्या कर बिस्तर पर सांप छोड़ने वाली पत्नी रविता को कोर्ट ने माना दोषी, 16 अक्टूबर को होगा सजा का फैसला

उस्मान चौधरी

• 09:39 AM • 08 Oct 2026

मेरठ के अमित कश्यप हत्याकांड में पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप दोषी करार दिए गए हैं. पति की हत्या के बाद शव के पास सांप रखकर सर्पदंश का रूप देने की साजिश रची गई थी.अदालत 16 अक्टूबर को सजा सुनाएगी.

Meerut News :RAVITA

Meerut News :RAVITA

Google CTA

मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. पत्नी का पड़ोसी के साथ अफेयर, पति को रास्ते से हटाने की साजिश और फिर वारदात को हादसा साबित करने के लिए शव के पास छोड़ा गया जहरीला सांप... अपराध की यह पूरी पटकथा किसी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म जैसी थी. अपर जिला जज ने अमित की हत्या के जुर्म में उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को दोषी ठहराया है. करीब 17 महीने से सलाखों के पीछे बंद इस कातिल जोड़ी को कितनी सजा मिलेगी, इसका ऐलान अदालत 16 अक्टूबर को करेगी.

यह भी पढ़ें...

प्यार में रोड़ा बना पति तो रची खौफनाक साजिश

मामला बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है. अमित कश्यप की पत्नी रविता का उसके ही पड़ोसी अमरदीप के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था. अमरदीप का अमित के घर बेरोक-टोक आना-जाना था और वह अमित के साथ ही काम भी करता था. दोनों के बीच नजदीकियां इस कदर बढ़ीं कि उन्होंने अमित को रास्ते से हटाने का खतरनाक प्लान बना लिया.

हत्या के बाद बिस्तर पर छोड़ा सांप ताकि लगे सर्पदंश

12 अप्रैल 2025 को अमित अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया. परिजनों ने जब अमित का शव देखा तो उनके होश उड़ गए. क्योंकि शव के ठीक पास एक सांप मौजूद था. रविता और अमरदीप ने इस तरह कहानी गढ़ी थी कि हर किसी को यही लगे कि अमित की मौत नींद में सांप के काटने से हुई है.

डिब्बे में बंद हुआ सांप और पोस्टमार्टम ने बिगाड़ दिया खेल

सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए सबसे पहले सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद किया और अमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. कातिल जोड़ी को लगा था कि वे बच निकले हैं. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही सारा खेल बिगड़ गया. रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अमित की मौत सांप के डसने से नहीं बल्कि मुंह और नाक दबाकर दम घुटने से हुई है.

सपेरा बना गवाह और खुल गई पूरी साजिश

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या है. पुलिस ने जब तफ्तीश की कड़ियां जोड़ीं तो रविता और अमरदीप के प्रेम-प्रसंग का भांडा फूट गया. जांच के दौरान पुलिस उस शख्स तक भी पहुंच गई जिससे अमरदीप ने हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए सांप हासिल किया था. पुलिस ने सांप मुहैया कराने वाले शख्स को इस केस में सरकारी गवाह बना लिया जिसने अदालत में पूरी साज़िश की पोल खोल दी.

16 अक्टूबर को होगा सजा का ऐलान

अपर जिला जज कोर्ट संख्या-12 में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने पुख्ता साक्ष्य, सरकारी गवाह के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पेश कर दोनों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का आरोप साबित कर दिया. अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रविता और अमरदीप को अमित की हत्या का दोषी करार दिया. 16 अक्टूबर को कोर्ट दोनों दोषियों को सजा सुनाएगी.

ये भी पढ़ें: आगरा में शादीशुदा प्रेमी ने बीच सड़क प्रेमिका को मारी गोली, पूरा मामला हिलाकर रख देगा