मेरठ पुलिस ने 5 लाख के तार चोरी करने वाले गिरोह को दबोचा, भागते बदमाश जाहिद और दिलशाद के पैर की टूटी हड्डी

उस्मान चौधरी

13 Sep 2025 (अपडेटेड: 13 Sep 2025, 01:27 PM)

Meerut Crime News: मेरठ पुलिस ने एक निर्माणाधीन कॉलोनी में लाखों रुपये के एल्यूमीनियम तार की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस दौरान दो बदमाशों के पैर की हड्डी टूट गई, जानें कैसे?

Meerut Crime News

Meerut Crime News

Google CTA

Meerut Crime News: मेरठ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने एक निर्माणाधीन कॉलोनी में लाखों रुपये के एल्यूमीनियम तार की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है.  मगर इस गिरोह का सरगना अभी भी फरार है. पुलिस की घेराबंदी के दौरान भागते समय दो बदमाशों के पैर की हड्डी भी टूट गई. 

यह भी पढ़ें...

मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बागपत रोड निवासी रॉबिन बंसल की कंपनी महालक्ष्मी स्टेट डेवलपर्स बिजली बंबा बाईपास पर एक कॉलोनी का निर्माण कर रही है. इस कॉलोनी में भूमिगत बिजली की लाइनें डाली जा रही थीं. 5 सितंबर की रात छह बदमाश कॉलोनी में घुस गए और पांच सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया. बदमाशों ने गार्डों के साथ मारपीट की और लगभग 5 लाख रुपये का एल्यूमीनियम तार चुरा लिया.

पुलिस ने कैसे की कार्रवाई?

घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. एक हफ्ते की कड़ी मशक्कत के बाद, पुलिस ने पांच आरोपियों मोहसिन, दिलशाद उर्फ फोनू (गाजियाबाद), आदिल (मुजफ्फरनगर), निजामुद्दीन (मेरठ) और जाहिद (मेरठ) को गिरफ्तार किया. जब पुलिस ने उन्हें पकड़ा तो वे भागने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान दीवार फांदते समय जाहिद और दिलशाद गिर गए, जिससे उनके पैरों की हड्डी टूट गई. उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया.

चोरी का मकसद और आगे की जांच

पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर चोरी किया गया 6 क्विंटल एल्यूमीनियम का तार, एक टाटा मैजिक वाहन और एक तमंचा बरामद किया है. पुलिस जांच में पता चला है कि गिरोह के बदमाश हाल ही में जेल से छूटे थे और उन पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं. उन्होंने यह चोरी अपनी पैरवी के लिए पैसे जुटाने के मकसद से की थी. इस गिरोह का सरगना इंतजार पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा. एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि फरार आरोपी इंतजार को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. 

ये भी पढ़ें: मेरठ के बंद कोठों की कुंडी टूटी तो उसके अंदर मिलीं 21 लड़कियां... कबाड़ी बाजार में मचा हंगामा