प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत से ठीक पहले का CCTV फुटेज आया सामने, परेशान दिखे 'दीपक लोधी'

मदन गोपाल

• 12:57 PM • 02 Oct 2026

संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी उर्फ दीपक लोधी की मौत से पहले का नया CCTV वीडियो वायरल हुआ है. सीओ वृंदावन संजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है और हर पहलू की जांच जारी है.

Rasik Dulari Death Case

Rasik Dulari Death Case

Google CTA

प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध मौत का मामला खबरों में बना हुआ है. इस बीच दीपक लोधी का एक और CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि ये फुटेज  दीपक लोधी की मौत से पहले का है. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि दीपक कूदने से पहले परेशान नजर आ रहे हैं. इसके बाद वह अचानक छत से नीचे छलांग लगा देते हैं.

यह भी पढ़ें...

कब घटी ये घटना?

आपको बता दें कि बीते शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे केलि कुंज आश्रम से दीपक लोधी छत से नीचे कूदे थे. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मृतक के शरीर का पोस्टमॉर्टम कराया गया. दीपक ने आत्महत्या क्यों की यह फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. 

सीओ वृंदावन संजीव कुमार ने क्या कहा?

प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण द्वारा छत से कूदकर की गई आत्महत्या मामले में पुलिस प्रशासन ने गहन जांच शुरू कर दी है. मामले की जानकारी देते हुए सीओ वृंदावन संजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की शुरुआती जांच से यह बात सामने आई है कि उन्होंने छत से कूदकर सुसाइड किया है. हालांकि, मृतक के परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस की टीमें इस पूरे मामले की सभी पहलुओं और एंगल से गहराई से छानबीन में जुटी हुई हैं.

सीओ संजीव कुमार के अनुसार, घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है और मृतक के साथ रहने वाले लोगों तथा आश्रम के सहयोगियों से लगातार पूछताछ की जा रही है. उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि अत्यधिक ब्लीडिंग (रक्तस्राव) होने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही पुलिस हर उस बिंदु को जोड़कर देख रही है, जिससे इस घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ हो सके.

मामले में चौंकाने वाला तथ्य साझा करते हुए सीओ ने बताया कि जिस कमरे में दीपक लोधी रहते थे, वहां से जांच के दौरान एक ग्राइंडर बरामद हुआ है. इसके अलावा उनके शरीर से प्राइवेट पार्ट कटने के तथ्य भी प्रकाश में आए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राइवेट पार्ट कटने की घटना क्यों और किन परिस्थितियों में हुई, यह पूरी जांच प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल मृतक दीपक लोधी का अंतिम संस्कार वृंदावन में कर दिया गया है और पुलिस जांच की दिशा में आगे बढ़ रही है.

ये भी पढ़ें: प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी की संदिग्ध मौत के बाद दादा बोले- 'हो सीबीआई जांच'