मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा मिलते ही सौरभ के भाई ने अब कर दी ये बड़ी मांग!

उस्मान चौधरी

• 08:51 AM • 15 Oct 2026

मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड मिलने पर परिवार ने संतोष जताया. सौरभ के भाई ने साजिश, बच्चों की कस्टडी और दोषियों को फांसी मिलने तक न्याय की लड़ाई जारी रखने की बात कही.

Meeut Murder Case Update

Meeut Murder Case Update

Google CTA

मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में अदालत ने मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड की सजा सुनाई है. सौरभ के भाई बबलू ने कहा कि हालांकि उन्हें न्याय मिला है और वे इस फैसले से संतुष्ट हैं. लेकिन वास्तविक और पूरा संतोष तभी मिलेगा जब दोषियों को वास्तव में फांसी के फंदे पर लटका दिया जाएगा. फैसले के बाद परिवार ने आरोपियों की खौफनाक साजिश, सजा से बचने के लिए रचे गए षड्यंत्र और बच्चों की कस्टडी को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं.

यह भी पढ़ें...

फैसले पर संतोष लेकिन अंतिम अंजाम तक जारी रहेगी लड़ाई

सौरभ के बड़े भाई बबलू ने बातचीत में बताया कि कोर्ट का फैसला आने के बाद परिवार को एक बड़ा सुकून मिला है. जब उनसे पूछा गया कि सजा सुनते ही दोनों आरोपी रोने लगे तो बबलू ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जब वे उनके भाई को बेरहमी से मार रहे थे, तब उन्हें दया क्यों नहीं आई? अब जब खुद पर बात आई है तो आंसू आ रहे हैं. एक दूसरे भाई संजय ने भी इस फैसले को सौरभ की आत्मा के लिए शांतिदायक बताया और उम्मीद जताई कि आगे की अदालतों में भी इन्हें कोई राहत नहीं मिलेगी.

हत्या से लेकर सजा से बचने तक की थी पूरी प्लानिंग

परिवार ने यह भी दावा किया है कि यह पूरी घटना अचानक नहीं हुई बल्कि इसकी गहरी साजिश रची गई थी. परिजनों के अनुसार, आरोपी नवंबर से ही इसकी प्लानिंग कर रहे थे.शुरुआत में शव को बैग में भरकर मनाली या अन्य किसी सुनसान जगह पर ठिकाने लगाने की योजना थी. लेकिन बैग टूटने के बाद उन्होंने नीला ड्रम, कटर और सीमेंट का इस्तेमाल करने का खौफनाक प्लान तैयार किया.

परिवार का यह भी गंभीर आरोप है कि आरोपियों ने कानून की नजरों में सजा से बचने या उसमें रियायत पाने के लिए सुनियोजित तरीके से कदम उठाए, यहां तक कि प्रेगनेंसी और अन्य हथकंडों का इस्तेमाल भी इसी रणनीति का हिस्सा था ताकि कुछ समय के लिए कानूनी सुरक्षा मिल सके.

बच्चों की कस्टडी को लेकर उठी मांग

इस बहुचर्चित मामले में अब बच्चों के भविष्य को लेकर भी परिवार ने अपना पक्ष रखा है. परिवार का कहना है कि सौरभ की बड़ी बेटी को बिना किसी कानूनी अड़चन या शर्त के उनके हवाले कर दिया जाए ताकि वे उसकी सही परवरिश कर सकें.

परिजनों का आरोप है कि मुस्कान के परिवार ने बच्ची को जबरन अपने पास छिपा रखा है और वे नहीं चाहते कि उस बच्ची पर भी उन हत्यारों का कोई साया पड़े. वहीं दूसरी बच्ची को लेकर परिवार का कहना है कि वह साहिल से जुड़ी है इसलिए उसे साहिल के परिवार को संभालना चाहिए. परिवार ने समाज और कानून से अपील की है कि बड़ी बेटी को सुरक्षित उन्हें सौंपा जाए.

ये भी पढ़ें: ब्राह्मण नेताओं की सीट पर राकेश सिंह और अभय सिंह की एंट्री, कैसे संभालेगी बीजेपी?