Mathura Municipal Corporation: नगर निगम मथुरा-वृंदावन के भूतेश्वर मुख्यालय में शुक्रवार को मथुरा सिटी जोन के पार्षदों के साथ नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं के समाधान को लेकर समीक्षा बैठक की. बैठक में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह और अनिल कुमार भी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT
बैठक में नगर आयुक्त ने वार्डवार सफाई व्यवस्था, नाले-नालियों की सफाई, सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़कों की पैच मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, जलभराव तथा अन्य विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने सभी पार्षदों से उनके वार्डों की प्रमुख समस्याओं, चल रहे विकास कार्यों और नागरिकों की अपेक्षाओं पर चर्चा कर सुझाव प्राप्त किए.
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शहर के सभी डलावघर (जीवीपी) को चरणबद्ध कार्ययोजना के तहत निर्धारित समय-सीमा में समाप्त करने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रत्येक वार्ड के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े सुझाव रखे. नगर आयुक्त ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग और सुझावों के आधार पर वार्डों की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाएगा. नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित मथुरा-वृंदावन का निर्माण करना है.
ADVERTISEMENT











