प्रेमानंद महाराज के समर्थन में आए क्रिकेटर विराट कोहली, फलाहारी बाबा के इन आरोपों का किया खंडन

यूपी तक

• 01:07 PM • 07 Oct 2026

विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के पास 5 करोड़ रुपये देकर बुलाने के दावे पर उनकी टीम ने सफाई दी है. प्रवक्ता ने आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया. कोहली-अनुष्का का महाराज से जुड़ाव आस्था के कारण बताया गया है.

Virat and Anushka meet Premanand ji

Virat and Anushka meet Premanand ji

Google CTA

वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के 'श्री हित राधा केली कुंज आश्रम' के शिष्य रसिक दुलारी की रहस्यमयी मौत के बाद शुरू हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. श्री कृष्णा न्यास संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज द्वारा क्रिकेटर विराट कोहली को लेकर किए गए दावों पर अब विराट कोहली की टीम की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है.

यह भी पढ़ें...

दिनेश फलाहारी ने दावा किया था कि विराट कोहली को 5 करोड़ रुपये देकर प्रेमानंद महाराज के पास बुलाया गया था ताकि उन्हें प्रसिद्ध किया जा सके. इस पर पलटवार करते हुए विराट कोहली के प्रवक्ता ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और मनगढ़ंत करार दिया है.

आस्था के चलते जाते हैं दर्शन करने- विराट कोहली की टीम का जवाब

विराट कोहली की प्रवक्ता और टीम ने दिनेश फलाहारी के दावों को सिरे से खारिज करते हुए मीडिया से जिम्मेदारी बरतने की अपील की है.

'हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली के बारे में जो दावे किए गए हैं, वे पूरी तरह झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं. विराट कोहली, प्रेमानंद महाराज के प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण ही उनसे मिलने जाते हैं. हम इन दावों का खंडन करते हैं और मीडिया से आग्रह करते हैं कि ऐसी बातों को आगे बढ़ाने से पहले पूरी सावधानी बरतें और तथ्यों की जांच करें.'

2023 से जारी है विराट-अनुष्का का प्रेमानंद महाराज से जुड़ाव

भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अक्सर अध्यात्म से जुड़े कार्यक्रमों में नजर आते हैं. दोनों पहली बार 4 जनवरी 2023 को वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचे थे. इसके बाद भी कई अवसरों पर दोनों को महाराज जी का आशीर्वाद लेते और सत्संग सुनते देखा गया है.

रसिक दुलारी की मौत के बाद आश्रम में दो गुट

दिनेश फलाहारी का कहना है कि रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौत के बाद आश्रम की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सरेआम हो गई है. फलाहारी के मुताबिक, आश्रम में चल रहे कथित अनैतिक घटनाक्रम और खींचतान से संत प्रेमानंद महाराज अंदर से काफी आहत हैं. इसी वजह से महाराज जी ने 'श्री हित राधा केली कुंज' छोड़कर यमुना पार बेलवन क्षेत्र में बने नए आश्रम में रहना शुरू कर दिया है.

उनका दावा है कि सभी सच्चे और भजनानंदी साधक महाराज जी के साथ बेलवन चले गए हैं जबकि केली कुंज में असामाजिक तत्व हावी हो चुके हैं. फिलहाल जहां एक तरफ आश्रम के अंदरूनी विवाद की जांच जारी है वहीं विराट कोहली की टीम के इस बयान ने सोशल मीडिया पर चल रही मनगढ़ंत अफवाहों पर विराम लगा दिया है. 
 

ये भी पढ़ें: राज्यसभा में तीसरा प्रत्याशी ना उतारकर बड़ी गलती कर बैठे अखिलेश यादव, PDA नैरेटिव पर पड़ेगा असर?