Mainpuri News: बुधवार सुबह से हो रही हल्की बूंदाबांदी और रुक-रुक कर पड़ रही बारिश का असर जिले के जनजीवन पर साफ दिखाई दिया. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना तो हुआ, लेकिन लगातार फुहारों के कारण बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही. लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले.
ADVERTISEMENT
बारिश के चलते शहर के प्रमुख बाजारों और कस्बों में ग्राहकों की आवाजाही कम रही, जिससे व्यापार भी प्रभावित हुआ दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर सड़कें फिसलन भरी हो गईं, जिससे लोग सतर्कता के साथ सफर करते नजर आए.
इस बदलते मौसम ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है. खेतों में रखी कृषि उपज और तैयार फसलों के भीगने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है. किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहा तो दलहन, सब्जी और अन्य फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.
हालांकि बारिश से तापमान में गिरावट आने के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जिले में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना भी है.
ADVERTISEMENT











