Lucknow Samreen Death Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ओमेक्स न्यू हजरतगंज परिसर स्थित होटल में 24 साल समरीन की दसवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. मृतका की पहचान समरीन के रूप में हुई है, जो चौक थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. पुलिस के मुताबिक समरीन रविवार को दोपहर करीब 11:46 बजे अवनीश नाम के युवक के साथ होटल के कमरा नंबर 1037 में पहुंची थी. शाम करीब 6 बजे वह संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि युवती किन परिस्थितियों में नीचे गिरी.
ADVERTISEMENT
होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने दी सूचना
डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6:34 बजे ओमेक्स न्यू हजरतगंज परिसर स्थित होटल 'सेलेश्टियल' के सिक्योरिटी इंचार्ज ने पुलिस को घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. शुरुआती जांच में पता चला कि समरीन दोपहर में अवनीश के साथ होटल के कमरा नंबर 1037 में आई थी. अवनीश सुल्तानपुर का रहने वाला बताया गया है. दोनों के होटल पहुंचने और युवती की मौत के बीच करीब छह घंटे का अंतर है. शाम करीब 6 बजे समरीन दसवीं मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की तथा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर सुरक्षित किए. पुलिस होटल में ठहरे युवक और युवती से जुड़ी जानकारी इकट्ठा कर रही है. कमरे में मौजूद रहे अवनीश से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले क्या हुआ था. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
आत्महत्या, हादसा या कोई दूसरी वजह? जांच जारी
पुलिस ने समरीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है. डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि फिलहाल घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है. उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि समरीन ने दसवीं मंजिल से छलांग लगाई थी, वह किसी हादसे का शिकार हुई या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह थी. फिलहाल मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर अंतिम जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आया है. मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
ADVERTISEMENT










