लखनऊ में क्राइम ब्रांच और लोकल पुलिस ने गुरुसेवक का कर दिया एनकाउंटर, कौन था ये बदमाश?

आशीष श्रीवास्तव

• 08:20 AM • 13 Oct 2025

लखनऊ पुलिस और क्राइम ब्रांच ने आगरा एक्सप्रेसवे पर 1 लाख के इनामी बदमाश गुरुसेवक का एनकाउंटर कर दिया. कैब ड्राइवरों की हत्या और लूट करने वाले गुरुसेवक पर योगेश हत्याकांड का आरोप था. जानें एनकाउंटर की पूरी कहानी.

Gurusevak encounter Lucknow

Gurusevak encounter Lucknow

Google CTA

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीम ने एक लाख के इनामी बदमाश गुरुसेवक का एनकाउंटर कर दिया है. एनकाउंटर में गुरुसेवक मारा गया है. ये मुठभेड़ आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर हुई. गुरुसेवक पर अपने गिरोह के साथ मिलकर कैब ड्राइवरों की हत्या कर लूट करने का आरोप था. इसने एक सप्ताह के अंदर ही 2 हत्या और लूट की वारदातों को अंजाम दिया था. गुरुसेवक कैब ड्राइवर योगेश पाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी भी था.

यह भी पढ़ें...

कैसे हुआ एनकाउंटर?

पुलिस ने गुरुसेवक के एनकाउंटर के बाद इसे लेकर जानकारी जारी की है. इसके मुताबिक 12 अक्टूबर को थाना पारा पुलिस और जिले की क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि कुछ दिन पहले बुद्धेश्वर निवासी योगेश पॉल के हत्या कर उसकी गाड़ी लूटने वाला बदमाश आने वाला है. ये सूचना गुरुसेवक के लिए ही थी जिसने योगेश के अलावा शाहजहांपुर के पुवायां में भी अपने साथी के साथ मिलकर अवनीश दीक्षित नाम के व्यक्ति की हत्या कर उसकी चार पहिया वाहन लूट लिया था. गुरुसेवक ने इस गाड़ी को लखनऊ शहर के अंदर कहीं छिपा के रखा था.

वह इसे बेचने की फिराक में मोहन रोड होकर जीरो प्वाइंट से उलटे लेन आउटर रिंग रोड से बाहर हरदोई या सीतापुर रोड निकल रहा था. इस सूचना पर दोनों पुलिस की टीमों ने जीरो पॉइंट के पास और आउटर रिंग रोड कट पर चेकिंग शुरू कर दी. थोड़ी देर बाद एक गाड़ी जीरो प्वाइंट पर जैसे ही पहुंची मुखबिर के इशारे पर उसे रोकने का प्रयास किया गया. गाड़ी न रोककर बहुत तेजी आगरा एक्सप्रेस वे के सर्विस लेन पर भागने लगी. एक किमी तक गाड़ी का पीछा किया गया.

तब तक सामने से दूसरी टीम को देखकर गाड़ी बैक करने की कोशिश हुई. लेकिन गाड़ी फंसती देखकर उसे सड़क किनारे रोककर उसमें बैठे दो व्यक्तियों ने गाड़ी से निकलकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की गई जिसमें एक बदमाश गोली लगने से मौके पर गिर गया और दूसरा फायर करते हुए झाड़ियों में अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया. घायल बदमाश की पहचान गुरुसेवक पुत्र बलिंद्र निवासी पटाई पुवायां शाहजहांपुर में के रूप में हुई. उसे तत्काल थाना पारा की सेकंड मोबाइल गाड़ी से इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बदमाश पर लखनऊ पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया था. बदमाश के पास से एक 38 बोर की रिवॉल्वर, एक पिस्टल और जिंदा कारतूस मिले हैं. पुवायां शाहजहांपुर से लूटी गई गाड़ी भी बरामद हुई है.