लखनऊ में रात 10 बजे युवती ने बुक की बाइक राइड...ड्राइवर उसे ले गया गलत रास्ते, किया बैड टच

आशीष श्रीवास्तव

• 10:33 AM • 11 Oct 2025

लखनऊ में कैब राइड के दौरान एक युवती से चालक ने जानबूझकर गलत रास्ता लेकर बदसलूकी की और शारीरिक छेड़छाड़ की. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

UPTak
Google CTA

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में एक युवती के साथ बाइक राइड के दौरान अभद्रता और दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि राइड चालक ने जानबूझकर गलत रास्ता अपनाया और विरोध करने पर उससे बदसलूकी की. इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के साथ बैड टच भी किया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. क्या है पूरा मामला आगे खबर में जानिए. 

यह भी पढ़ें...

राइड के दौरान बदला रास्ता 

पीड़िता ने बताया कि 8 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे उसने लखनऊ यूनिवर्सिटी से सुशांत गोल्फ सिटी जाने के लिए बाइक राइड बुक की थी. ड्राइवर ने उसे पिक करने के बाद तय रास्ता छोड़ दिया और गलत रास्ते पर ले गया. जब युवती ने इसका विरोध किया तो चालक ने बदसलूकी शुरू करदी. इसके साथ ही उसने छात्रा के साथ शारीरिक छेड़छाड़ (बैड टच) भी किया. 

बीच रास्ते में छोड़ कर फरार हो गया चालक

डरी हुई और परेशान युवती को चालक विवेकानंद अस्पताल के पास उतार कर फरार हो गया. युवती ने इस पूरी घटना की जानकारी तुरंत अपने परिवार वालों को दी. इसके बाद परिवार के सहयोग से युवती ने 9 अक्टूबर को थाना महानगर में शिकायत दर्ज कराई. 

आरोपी की हुई पहचान

शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की. ई-चालान ऐप के जरिए वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर ली गई. आरोपी का नाम राहुल अग्निहोत्री (38) है और वह, पीजीआई थाना क्षेत्र के एकतानगर का निवासी है. पोलिस का कहना है कि जब पूछताछ के लिए उसे थाने बुलाया गया तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों से उलझना शुरू कर दिया और आक्रामक व्यवहार दिखाया. 

आरोपी को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले की जांच मिशन शक्ति टीम की एसआई दीप्ति, एसआई रश्मि सिंह और एसआई महेश कुमार शुक्ला को सौंपी गई है. पुलिस ने राइड सेवा प्रदाता कंपनी से चालक के सत्यापन से संबंधित जानकारी भी मांगी है ताकि पूरे मामले की गहराई से जांच हो सके.

यह भी पढ़ें: कानपुर में SBI के कर्मचारी गए थे लंच ब्रेक पर... नाबालिग चोर कैश काउंटर से 3 लाख लेकर भाग गया