उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जो किसी फिल्म की कहानी जैसा लग रहा है. प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नया गांव में रहने वाले रामजी अहिरवार की संपत्ति हड़पने के मकसद से उनके ही रिश्तेदारों ने एक ऐसा जाल बनाया जिसमें वह बुरी तरह फंस गए. हाल ही में रामजी की शादी उनके रिश्तेदार उमेश ने रश्मि नाम की एक महिला से कराई थी. लेकिन रश्मि अक्सर रामजी से दूरी बनाए रखती थी और घंटों-घंटों फोन पर बात किया करती थी. हद तो तब हो गई जब महिला बीमारी का बहाना बनाकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई. इस दौरान रामजी को अपनी पत्नी के बारे में जो पता चला उसे सुनते ही उनके होश उड़ गए.
ADVERTISEMENT
अपनों ने ही दिया सबसे बड़ा धोखा
रामजी अहिरवार की पत्नी की मौत के बाद वह अपनी बुजुर्ग मां के साथ अकेले रह रहे थे. उनके रिश्तेदार उमेश अहिरवार ने इसका फायदा उठाया. उमेश ने रश्मि नाम की एक महिला से उनकी मुलाकात कराई और दावा किया कि वह अपने पहले पति से अलग हो चुकी है और दूसरी शादी करना चाहती है. रामजी ने भरोसे में आकर मंदिर में रश्मि से शादी कर ली. शादी के बाद से ही रश्मि का व्यवहार संदिग्ध था. वह घंटों फोन पर बात करती और रामजी से दूरी बनाए रखती थी. मामला तब खुला जब वह बीमारी का बहाना बनाकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई.
चौंकाने वाला खुलासा
जांच में पता चला कि रश्मि ढाई महीने की गर्भवती थी. आरोप है कि यह बच्चा रामजी का नहीं बल्कि उसी रिश्तेदार उमेश का था जिसने यह शादी करवाई थी. अस्पताल में अबॉर्शन के दौरान रामजी के फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए. रामजी का आरोप है कि आरोपियों का असली मकसद उनकी संपत्ति हड़पना और उन्हें रास्ते से हटाना था. पीड़ित के मुताबिक, आरोपी उसे एक्सीडेंट में मरवाकर उसकी संपत्ति और गहने हड़पना चाहते थे. जब रामजी ने विरोध किया तो उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई. डर के मारे जब रामजी घर से बाहर गए तो रश्मि ने घर का ताला तोड़कर 1.5 लाख के जेवर और 1 लाख रुपये नगद समेट लिए और अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई.
पुलिस से न्याय की गुहार
पीड़ित रामजी अहिरवार ने झांसी एसएसपी ऑफिस पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने पुलिस को सबूत के तौर पर होटल के रिकॉर्ड्स और वो मैसेज भी दिखाए हैं जिसमें महिला ने प्रेमी के साथ जाने की बात कबूल की है. फिलहाल प्रेमनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है.
ADVERTISEMENT









