Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़खानी और गलत व्यवहार का मामला सामने आया है. इस मामले में आरोपी के पिता द्वारा 50 लाख रुपये देकर समझौते की बात कहने पर कुछ समाजसेवी महिलाओं का गुस्सा भड़क गया. महिलाओं ने आरोपी के पिता को दौड़ा-दौड़ाकर चप्पलों से पीटा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
कोचिंग के बहाने हुआ गलत व्यवहार
यह पूरा मामला झांसी के शहर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां रिश्तेदारी से जुड़े एक विवाद में बवाल मच गया. लड़की के परिवार वालों की शिकायत के मुताबिक, नाबालिग लड़की कोचिंग जाने के बहाने एक युवक के संपर्क में आई थी. आरोप है कि यह युवक उसे अपने घर ले गया और वहां उसके साथ आपत्तिजनक और गलत व्यवहार किया. परिवार वालों ने कोतवाली में युवक के खिलाफ गलत व्यवहार करने, छेड़खानी करने और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है.
50 लाख देकर समझौता करने की बात
इस घटना की जानकारी मिलने पर कुछ समाजसेवी महिलाएं आरोपी के घर पहुंच गईं, जहां बातचीत के जरिए विवाद को सुलझाने की कोशिश की जा रही थी. इसी बीच, आरोपी के पिता ने मामले को दबाने के लिए 50 लाख रुपये का ऑफर दिया. पैसे देकर समझौता करने की इस बात पर महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने तुरंत इसका विरोध करना शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई.
महिलाओं ने चप्पलों से दौड़ाकर पीटा
कहासुनी के दौरान अधेड़ व्यक्ति ने महिलाओं के साथ बदतमीजी की, जिसके बाद मामला और बिगड़ गया और मारपीट शुरू हो गई. गुस्से में आई महिलाओं ने आरोपी के पिता को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया. वहां मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव करके मामला शांत कराया. अब महिलाएं इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रही हैं.
ADVERTISEMENT










