Meenu Death Case: झांसी में शादी के सिर्फ 2 महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. मृतका का नाम 29 वर्षीय मीनू था, जो सकरार के बहेरा गांव की रहने वाली थी. यह घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की केके पुरी कॉलोनी की है. बता दें मीनू की शादी 5 फरवरी 2026 को हिमांशु नाम के युवक से हुई थी, जो एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है. परिजनों के अनुसार शादी में 20 से 30 लाख रुपये तक का दहेज दिया गया था. परिजनों ने बताया कि मीनू 8 दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थी और सब कुछ सामान्य चल रहा था. घटना वाले दिन सुबह मीनू ने अपने पति के लिए पराठे बनाए. हिमांशु ने बताया कि वह पराठे खाकर ऑफिस चला गया. घर से निकलने के कुछ ही मिनट बाद उसे फोन आया कि मीनू चक्कर खाकर गिर गई है. वह तुरंत घर पहुंचा और उसे निजी अस्पताल ले गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. वहां डॉक्टरों ने मीनू को मृत घोषित कर दिया.
ADVERTISEMENT
परिजनों ने लगाया हत्या और टॉर्चर का आरोप
मौत की खबर मिलते ही मायके वाले मेडिकल कॉलेज पहुंचे और हंगामा किया. इस दौरान मृतका के जेठ के साथ झड़प भी हुई. पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया. मीनू की बड़ी बहन मोनू योगी ने आरोप लगाया कि ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाता था. उन्होंने कहा कि मीनू के शरीर पर नीले और चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका है. मृतका के भाई नीतेश ने भी ससुराल पक्ष पर शक जताया और न्याय की मांग की. परिजनों का कहना है कि अगर यह सामान्य मौत होती तो ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल जरूर पहुंचते, लेकिन वे वहां मौजूद नहीं थे. वहीं, पति हिमांशु का कहना है कि मीनू को दिल की बीमारी थी और वह दवा लेती थी. उसके अनुसार सुबह सब कुछ ठीक था, लेकिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहौर ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा. फिलहाल यह मामला संदिग्ध बना हुआ है. एक तरफ परिजन इसे हत्या बता रहे हैं, तो दूसरी ओर पति इसे बीमारी से जुड़ी मौत बता रहा है. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे सच्चाई सामने आ सके.
ADVERTISEMENT









