Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश में हफ्ते भर के ब्रेक के बाद एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया है. बारिश के कारण जगह-जगह पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है. यही हाल गोरखपुर का भी बना हुआ है. तीन दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण गोरखपुर के कई इलाके जलमग्न हो गए. दुकानों में पानी भर गया और सड़कें पूरी तरह से डूब गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है.
ADVERTISEMENT
इसी बीच शहर में हुई जलभराव की समस्या को लेकर बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन को फोन किया. फोन करने का मकसद था, सांसद जी को शहर के हाल से अवगत करवाना. लेकिन सांसद जी ने फोन पर पार्षद से कहा, 'सपा जॉइन कई लिहला का?' फिर क्या था, पार्षद जी भी भड़क गए और उन्होंने भी रवि किशन से पूछ लिया 'सांसद जी, बसपा जॉइन कर ली क्या?' अब दोनों के बीच हुई ये बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है.
जलभराव की शिकायत पर हुई बहस
शनिवार की दोपहर को अचानक तेज बारिश होने से गोरखपुर के कई हिस्सों में भारी पानी भर गया. लोगों की परेशानी देखकर पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने शहर के सांसद रवि किशन को फोन किया. पार्षद सांसद जी को शहर में हुए जलभराव की खराब स्थिति के बारे में बता रहे थे, तभी सांसद जी ने अचानक उनसे पार्टी बदलने को लेकर सवाल कर दिया, जिस पर पार्षद ने भी कड़ा जवाब दिया है.
सांसद और पार्षद में सियासी तंज
फोन पर बातचीत के दौरान रवि किशन ने भोजपुरी में तंज कसते हुए पूछा कि 'सपा जॉइन कई लिहला का?' फिर क्या था, पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने भी तुरंत जवाब दिया कि वह जनता की समस्या बता रहे हैं, ऐसे में पार्टी की बात कहां से आ गई. इसके बाद पार्षद ने भी पलटवार करते हुए सांसद से पूछ लिया 'सांसद जी, बसपा जॉइन कर ली क्या?'
सपा से पार्षद का पुराना नाता
पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच पुराना राजनीतिक नाता रहा है. दरअसल, विश्वजीत पहले सपा के टिकट पर ही पार्षद का चुनाव जीत चुके हैं. इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया था. इसी पुरानी राजनीतिक पृष्ठभूमि की वजह से सांसद रवि किशन ने बातचीत के दौरान उन पर सपा का नाम लेकर तंज कसा था.
पार्षद ने जारी किया नया वीडियो
पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने इस पूरे मामले में एक वीडियो भी जारी किया है. इस वीडियो में वह रामगढ़ताल के मुख्य गेट पर खड़े दिखाई दे रहे हैं. पार्षद का कहना है कि फोन पर बातचीत के दौरान सांसद रवि किशन ने भी अपनी लोकेशन बिल्कुल वहीं की बताई थी. पार्षद ने सवाल उठाया कि अगर सांसद जी वहीं मौजूद थे, तो वह वहां दिखाई क्यों नहीं दे रहे थे.
सांसद रवि किशन ने किया मुआयना
इस विवाद के बीच सांसद रवि किशन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके जलभराव की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटे से हो रही बारिश के कारण सड़कों पर गड्ढों और जलभराव की स्थिति बनी है, जिसे नगर निगम की टीम ठीक कर रही है. इसके अलावा, उन्होंने शहर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव के साथ तारामंडल स्थित गोरक्ष एन्क्लेव के पास जाकर जलभराव का जायजा भी लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए है.
यह भी पढ़ें: प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने आश्रम पर लगाए कौन-कौन से आरोप?
ADVERTISEMENT











