फोन पर बात करते-करते अचानक गए रूम में और मुंह में मार ली गोली... गोरखपुर के कारोबारी अमरीश ने ये क्या किया?

Gorakhpur News: गोरखपुर के प्रसिद्ध कारोबारी अमरीश श्रीवास्तव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. कुसम्ही स्थित फार्म हाउस में उनका शव मिला. पुलिस कॉल डिटेल और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या या अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है.

Gorakhpur News

गजेंद्र त्रिपाठी

24 Apr 2026 (अपडेटेड: 24 Apr 2026, 05:57 PM)

follow google news

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शुक्रवार सुबह हुई एक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. गोरखपुर क्लब के संचालक अतुल श्रीवास्तव के 40 साल के बेटे और प्रमुख कारोबारी अमरीश श्रीवास्तव का शव उनके कुसम्ही स्थित फार्म हाउस से बरामद हुआ है. अमरीश का शव खून से लथपथ मिला और उनके हाथ में पिस्टल थी. प्राथमिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. लेकिन घटना के पीछे की वजहों ने पुलिस और परिजनों के सामने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

मृतक अमरीश श्रीवास्तव 'एके टेंट हाउस' के मालिक थे. वह बड़े-बड़े सरकारी और प्राइवेट इवेंट्स में टेंट लगाने का काम करते थे. शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से कुसम्ही स्थित फार्म हाउस पहुंचे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह उस समय अपने मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रहे थे और सीधे ऊपर की मंजिल के कमरे में चले गए थे. कुछ ही देर बाद कमरे से गोली चलने की तेज आवाज आई जिससे फार्म हाउस में हड़कंप मच गया. जब कर्मचारी ऊपर पहुंचे तो उन्होंने अमरीश को मृत अवस्था में पाया. उनके मुंह में गोली लगी थी और पिस्टल उनके हाथ में थी.

पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटिल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए. पुलिस फिलहाल अमरीश की कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी समय में उनकी बातचीत किससे हुई थी.

कारोबारी जगत में शोक की लहर

अमरीश श्रीवास्तव का टेंट और ठेकेदारी का व्यवसाय काफी फैला हुआ था. उनकी कंपनी मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों सहित कई बड़े आयोजनों में सेवाएं देती रही है. उनकी मौत से न केवल उनका परिवार गहरे सदमे में है, बल्कि शहर के कारोबारी जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई है. 

क्या है मौत की असली वजह

पुलिस अभी इस बात की पुष्टि करने से बच रही है कि यह पूरी तरह आत्महत्या का ही मामला है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं चाहे वह पारिवारिक विवाद हो, आर्थिक तंगी हो या फिर कोई अन्य निजी कारण. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के परिणाम आने के बाद ही इस रहस्य से पूरी तरह पर्दा उठ सकेगा कि अमरीश ने जान क्यों दी या क्या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है.