यूपी MLC चुनाव से पहले BJP में बगावत, टिकट कटने पर रो पड़े गोरखपुर वरिष्ठ नेता डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कर दिया बड़ा ऐलान

यूपी एमएलसी चुनाव से पहले गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर बीजेपी में बगावत सामने आई है. टिकट नहीं मिलने से नाराज डॉ. संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. बीजेपी ने ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है.

Sanjayan Tripathi

Sanjayan Tripathi

Google CTA

उत्तर प्रदेश में एमएलसी (विधान परिषद) चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी के भीतर अंदरूनी कलह और बगावत की तेज लहर देखने को मिल रही है. गोरखपुर में पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. संजयन त्रिपाठी ने बीजेपी से बगावत का बिगुल फूंक दिया है. गोरखपुर-फैजाबाद सीट से पार्टी का टिकट कटने से नाराज डॉ. त्रिपाठी ने अपनी गाड़ी से बीजेपी का झंडा निकाल फेंका और कार्यकर्ताओं के सामने भावुक होकर रो पड़े. पार्टी पर बाहरी प्रत्याशियों को तरजीह देने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है.

यह भी पढ़ें...

आंखों में आंसू और गाड़ी से उतारा झंडा

गोरखपुर-फैजाबाद सीट से मजबूत दावेदारी पेश कर रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी ऐन वक्त पर ध्रुव कुमार त्रिपाठी को बीजेपी का आधिकारिक प्रत्याशी बनाए जाने से नाराज हैं. बगावत का संदेश देते हुए उन्होंने अपनी गाड़ी पर लगा बीजेपी का झंडा निकालकर हटा दिया. इसके बाद मीडिया और समर्थकों को संबोधित करते हुए वर्षों की अपनी मेहनत और निष्ठा को याद कर वे भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए. उन्होंने साफ कर दिया कि वे पार्टी के इस फैसले के खिलाफ अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे.

'बाहरी लोगों को इंपोर्ट कर रही पार्टी, कार्यकर्ताओं की हो रही अनदेखी'

संबोधन के दौरान डॉ. संजयन त्रिपाठी ने बीजेपी नेतृत्व और संगठन की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अपने पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं का सही से संयोजन नहीं कर पा रही है. बरसों तक पार्टी के लिए पसीना बहाने वाले समर्पित नेताओं को दरकिनार कर बाहर से प्रत्याशियों को 'इंपोर्ट' किया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर निष्ठावान कार्यकर्ताओं की इसी तरह अनदेखी होती रही तो आने वाले दिनों में पार्टी के कई अन्य नेता भी बगावत का रुख कर सकते हैं.

अस्मिता चंद के बाद दूसरा झटका

एमएलसी चुनाव से ठीक पहले पूर्वांचल और खासकर गोरखपुर में बीजेपी के भीतर बगावत का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अस्मिता चंद ने भी पार्टी की नीतियों से खफा होकर बीजेपी छोड़ दी थी और बसपा का झंडा थाम लिया था. वह बसपा के टिकट पर चिल्लूपार से चुनावी मैदान में हैं. अब डॉ. संजयन त्रिपाठी के बागी रुख ने 2027 के चुनावी दंगल से पहले बीजेपी के लिए क्षेत्रीय स्तर पर मुश्किलें खड़ी कर दी हैं.

बीजेपी द्वारा घोषित एमएलसी उम्मीदवारों की सूची

बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के एमएलसी चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी की है जिसमें शामिल प्रमुख चेहरे इस प्रकार हैं:

गोरखपुर-फैजाबाद सीट: ध्रुव कुमार त्रिपाठी

वाराणसी स्नातक सीट: केदारनाथ सिंह

वाराणसी शिक्षक सीट: डॉ. प्रमोद मिश्रा

मेरठ स्नातक सीट: दिनेश गोयल

इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट: अशोक कुमार राठौर

आगरा शिक्षक सीट: इंजीनियर हरि किशोर तिवारी

एक तरफ जहां बीजेपी संगठन बूथ प्रबंधन और मतदाता संपर्क रणनीति को लेकर अवध और गोरखपुर क्षेत्र में बैठकें कर रहा है. वहीं दूसरी तरफ वरिष्ठ नेताओं की यह सीधी बगावत पार्टी के चुनावी गणित और अंदरूनी तालमेल पर सवाल खड़े कर रही है.

ये भी पढ़ें: ‘कुर्मी कैबिनेट मंत्री’ राकेश सचान की क्यों हो रही चर्चा? कभी गिट्टी चोरी तो कभी कोर्ट से फाइल लेकर भागने का लगा था आरोप