गोरखपुर में डिवाइडर पर सो रहे मजदूर पर डंपर ने डाली मिट्टी, सुबह दिखा बाहर निकला हाथ, मचा हड़कंप

रवि गुप्ता

05 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Gorakhpur Dumper Accident Case: गोरखपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. गुलरिहा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन फोरलेन सड़क के डिवाइडर पर सो रहे एक मजदूर की मिट्टी के नीचे दबकर मौत हो गई.

Gorakhpur Dumper Accident Case

Gorakhpur Dumper Accident Case (AI Generated)

Google CTA

Gorakhpur Case: गोरखपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. गुलरिहा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन फोरलेन सड़क के डिवाइडर पर सो रहे एक मजदूर की मिट्टी के नीचे दबकर मौत हो गई. गुरुवार सुबह जब डिवाइडर पर डाली गई मिट्टी को समतल करने का काम चल रहा था, तब लोगों की नजर मिट्टी के ढेर से बाहर निकले एक हाथ पर पड़ी. इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई.

यह भी पढ़ें...

मिट्टी के ढेर से बाहर दिखा हाथ

भटहट कस्बे के पास निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर सुबह मजदूर और मशीनें मिट्टी समतल कर रही थीं. इसी दौरान राहगीरों ने मिट्टी में दबा हुआ एक हाथ देखा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैकहो लोडर तथा मजदूरों की मदद से मिट्टी हटवाई. काफी देर की मशक्कत के बाद एक व्यक्ति का शव बाहर निकाला गया. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

शव के पास मिला सामान

पुलिस को शव के पास एक झोला भी मिला, जिसमें रोटी-सब्जी, हरी मिर्च, देसी शराब का पाउच, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शाल रखी हुई थी. इन सामानों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि मजदूर रात के समय वहीं डिवाइडर पर रुक गया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि उसने शाल बिछाकर डिवाइडर के बीच ही सोने का इंतजाम किया था.

10 दिन से घर नहीं लौटा था मजदूर

कुछ समय बाद दो बच्चों के साथ पहुंची एक महिला ने शव की पहचान अपने पति मिंटू पुत्र जनार्दन निवासी देवरिया के रूप में की. मिंटू अपनी पत्नी नीता देवी और बच्चों के साथ पिछले करीब पांच साल से गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहां गांव में रह रहा था. परिवार के अनुसार वह मजदूरी करके घर चलाता था और करीब 10 दिन पहले सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने गया था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं आया.

डंपर से मिट्टी गिरने के दौरान हुआ हादसा

स्थानीय लोगों का मानना है कि देर रात मिट्टी लेकर पहुंचे डंपर चालकों को डिवाइडर पर सो रहे मजदूर की जानकारी नहीं थी. इसी दौरान मिट्टी सीधे उसके ऊपर गिर गई और वह दब गया. हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है. गुलरिहा थाना प्रभारी जगदीश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.