उत्तर प्रदेश की राजनीति में नोएडा हमेशा से चर्चा का केंद्र रहा है. कभी इसे मुख्यमंत्रियों के लिए अपशगुन माना जाता था, तो कभी इसे सत्ता का द्वार. आज यही नोएडा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और 2027 के चुनावी शंखनाद की वजह से देश की सबसे बड़ी राजनीतिक रणभूमि बन गया है.
ADVERTISEMENT
पीएम मोदी का तंज- 'हमें डराया गया था'
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछली सरकारों पर सीधा हमला बोला. उन्होंने खुलासा किया कि जब वह प्रधानमंत्री बने और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब उन्हें नोएडा आने को लेकर डर दिखाया गया था. पीएम ने कहा कि भाजपा ने न केवल इस अंधविश्वास को तोड़ा, बल्कि जेवर एयरपोर्ट के जरिए आत्मनिर्भर भारत और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मिथक को चुनौती देते हुए नोएडा को राज्य की 'आर्थिक राजधानी' के रूप में स्थापित किया है.
अखिलेश का पलटवार- भ्रष्टाचार का निर्माण
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के राज में बने कई नए एयरपोर्ट आज बंद पड़े हैं. अखिलेश के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट का निर्माण विकास के लिए नहीं बल्कि कमाई और भ्रष्टाचार के लिए किया गया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लिए यात्रियों की सुविधा से ज्यादा महत्वपूर्ण अपना मुनाफा है.
ADVERTISEMENT









