Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में नितिन नागर की दिनदहाड़े हत्या करने वाले और उनकी पत्नी पर सरेआम बंदूक तानने वाले बदमाशों का पुलिस ने 'इलाज' कर दिया है.24 फरवरी को हुए इस रूह कंपा देने वाले हत्याकांड के बाद यूपी पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सचिन और विपिन उर्फ कल्ला को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. एनकाउंटर के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है जिससे वे अब ठीक से खड़े होने की स्थिति में भी नहीं हैं.
ADVERTISEMENT
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग
ग्रेटर नोएडा पुलिस की टीम इमलिया कट के पास बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की गई. कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों मुख्य आरोपी सचिन और विपिन गोली लगने से घायल हो गए. इनके पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
सीसीटीवी में कैद हैवानियत का सच
लुक्सर गांव में हुई वारदात का सीसीटीवी फुटेज बेहद खौफनाक था. फुटेज में देखा गया कि विपिन उर्फ कल्ला ही वह शख्स था जो नितिन नागर को दौड़ा-दौड़ाकर गोलियां मार रहा था. वहीं जब नितिन की पत्नी अपने पति को बचाने के लिए बाहर निकली तो आरोपी सचिन ने ही उस पर बंदूक तानी थी. इन दोनों ने मिलकर एक पत्नी की आंखों के सामने उसके पति को मौत के घाट उतार दिया था.
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का एंगल
पुलिस जांच में यह बात साफ हुई है कि यह हत्याकांड साल 2024 में हुई विनय नाम के युवक की हत्या का बदला लेने के लिए किया गया था. दरअसल नितिन नागर विनय हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और वह जेल भी जा चुका था. बदला लेने की इसी आग में सचिन और विपिन ने नितिन नागर को मौत के घाट उतारने की साजिश रची थी. इस मामले के अनावरण के लिए इकोटेक-1, स्वाट टीम, कासना और जेवर समेत कई टीमों को लगाया गया था. अब तक इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जिसमें से कुछ को एनकाउंटर के बाद दबोचा गया है. पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ इसी तरह का सख्त एक्शन जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT









