ग्रेटर नोएडा में पति नितिन नागर को दौड़ा-दौड़कर मारी गई गोली, बचाने आई पत्नी पर भी तानी गई पिस्तौल

Noida Crime News: Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में नितिन नागर की दिनदहाड़े हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.बदमाशों ने पत्नी के सामने ही नितिन को 8-10 गोलियां मारीं और बचाने आई महिला पर भी पिस्टल तान दी. जानें पुरानी रंजिश के इस खूनी खेल की पूरी कहानी और पुलिस का एक्शन.

यूपी तक

• 04:21 PM • 25 Feb 2026

follow google news

Noida Crime News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बदमाशों के बुलंद हौसलों ने कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं. इकोटेक फर्स्ट थाना क्षेत्र के लुक्सर गांव में दिनदहाड़े नितिन नागर नाम के शख्स की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस पूरी वारदात का एक रूह कंपा देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है जिसमें बदमाश नितिन को गली में दौड़ाते, गिराते और फिर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते नजर आ रहे हैं. सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि जब नितिन की पत्नी उसे बचाने के लिए घर से बाहर निकली तो बेखौफ बदमाशों ने उस पर भी बंदूक तान दी.

यह भी पढ़ें...

गली में बिछाई गई मौत की बिसात

वारदात 24 फरवरी की सुबह करीब 10:00 बजे की है. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि गली में बच्चे खेल रहे हैं तभी नितिन नागर वहां पहुंचता है. पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाश हथियारों के साथ नितिन के पीछे दौड़ पड़ते हैं. नितिन अपनी जान बचाने के लिए भागता है. लेकिन बदमाश लगातार फायरिंग करते हैं. भागते-भागते नितिन जैसे ही नीचे गिरता है. बदमाश उस पर करीब 8 से 10 गोलियां दाग देते हैं. 

फायरिंग की आवाज सुनकर जब नितिन की पत्नी घर का दरवाजा खोलकर बाहर आती है और चीखती-चिल्लाती है तो एक बदमाश उस पर भी हथियार तान देता है. जान जाने के डर से पत्नी को पीछे हटना पड़ता है और वह अपनी आंखों के सामने अपने पति को दम तोड़ते हुए देखने को मजबूर हो जाती है. परिजनों का आरोप है कि गोलियां मारने के बाद बदमाशों ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि वह मर चुका है, उसकी गर्दन पर चाकू से भी वार किया.

पुरानी रंजिश और बदले की आग

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की जड़ें पुरानी रंजिश से जुड़ी हैं. बताया जा रहा है कि मृतक नितिन नागर पर पहले से ही हत्या का एक मुकदमा दर्ज था और वह जेल भी जा चुका था. दावा किया जा रहा है कि नितिन ने आरोपी पक्ष के किसी परिचित की हत्या की थी जिसका बदला लेने के लिए इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया गया.