ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हिट एंड रन का खौफनाक मंजर, तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक के दोनों पैर और रीढ़ टूटी

अरुण त्यागी

• 10:50 AM • 16 Sep 2026

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. बिसरख थाना क्षेत्र के मूर्ति चौक पर हुए इस हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Greater Noida West Hit and Run Case

Greater Noida West Hit and Run Case (Photo Edit By AI)

Google CTA

Greater Noida West Hit and Run Case: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. बिसरख थाना क्षेत्र के मूर्ति चौक पर हुए इस हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि घटना पांच सितंबर की सुबह करीब 4:35 बजे की है. हादसे के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और टाटा पंच कार को भी कब्जे में ले लिया है.

यह भी पढ़ें...

तेज रफ्तार कार ने युवक को मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक युवक सड़क पर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक हवा में उछल गया और कुछ दूर जाकर गिरा. हादसे के बाद युवक कहां गिरा, इसका तत्काल पता नहीं चल सका. घटना के वीडियो में भी टक्कर के बाद युवक दिखाई नहीं देता, जबकि उसके हाथ में मौजूद सामान सड़क पर गिरा नजर आता है.

दोनों पैर और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर

हादसे में युवक को गंभीर चोटें आई हैं. सामने आई जानकारी के अनुसार उसके दोनों पैर, हाथ, घुटने और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है. हादसे की पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो के आधार पर भी घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा है.

BNS की इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

बिसरख थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में थाना बिसरख, कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर में अपराध संख्या 639/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125बी के तहत यह कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

टाटा पंच कार पुलिस के कब्जे में

पुलिस ने आरोपी की टाटा पंच कार को भी अपने कब्जे में लेकर थाना बिसरख में दाखिल करा दिया है. थाना प्रभारी ने बताया, 'मामले की विवेचना जारी है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों तथा गुण-दोष के आधार पर इसका विधिक निस्तारण किया जाएगा.' पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.