नोएडा की बहुमंजिला बिल्डिंग में आग ने मचाई तबाही, 40 जने किए गए रेस्क्यू, जान बचाने के लिए लोगों ने लिया बड़ा रिस्क

भूपेंद्र चौधरी

15 Jul 2026 (अपडेटेड: 15 Jul 2026, 02:42 PM)

Noida Building Fire: नोएडा के मामूरा गांव स्थित बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती आशंका इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग की है. फायर विभाग ने समय रहते 40 लोगों का रेस्क्यू किया। घटना की जांच जारी है.

Noida Building Fire

Noida Building Fire

Google CTA

Noida Building Fire: उत्तर प्रदेश के नोएडा से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है. नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मामूरा गांव में एक बहुमंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इमारत को धुएं के गुबार और लपटों ने घेर लिया. इस दौरान इमारत के अंदर रह रहे कई लोग फंस गए. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार और हड़कंप मच गया. हालांकि मौके पर पहुंची फायर विभाग की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. नोएडा के चीफ फायर ऑफिसर ने जानकारी दी है कि आग भुझा ली गई है और अभी तक 48 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है. हालांकि इस घटना में दो लोगों की मौत की भी पुष्टि हुई है.

यह भी पढ़ें...

इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग से फैली आग?

यह घटना नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र के मामूरा गांव की है. चश्मदीदों के मुताबिक, पार्किंग या ग्राउंड फ्लोर में खड़ी एक इलेक्ट्रिक बाइक में अचानक तेज स्पार्किंग हुई. बैटरी में शॉट सर्किट होने की वजह से लगी आग ने कुछ ही सेकंड में विकराल रूप धारण कर लिया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता. आग की ऊंची लपटों और जहरीले काले धुएं ने पूरी बहुमंजिला इमारत को अपनी आगोश में ले लिया.

जिस वक्त यह हादसा हुआ, इमारत के अंदर 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे. सीढ़ियों और निकास द्वारों पर धुआं भर जाने के कारण लोग बाहर भागने में असमर्थ हो गए और खिड़कियों और छतों से मदद के लिए चिल्लाने लगे. कुछ बांस की बल्ली की मदद से एक छत से दूसरी पर जाते हुए दिखे.

इस घटना से पूरा मामूरा गांव चीख-पुकार से दहल उठा. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी. सूचना मिलते ही फेज-3 थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम दमकल की गाड़ियों के साथ फौरन मौके पर पहुंची. पूरी इमारत में धुआं भरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था. इस बीच जानकारी मिली है कि आग पर काबू पाकर 48 लोगों को सुरक्षित कर लिया गया है.