Fatehpur Police Encounter: जनपद के थाना चांदपुर क्षेत्र में बुधवार तड़के मदरी नहर पुलिया के पास पुलिस और कथित शातिर चोरों के गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों में वांछित हैं.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान शशांक उर्फ रतन पटेल उर्फ गोलू (24) निवासी श्याम खेड़ा, थाना कल्याणपुर के दाहिने पैर में तथा छोटेलाल उर्फ छोटू कोरी उर्फ रविशंकर (25) निवासी जरारा, थाना बकेवर के बाएं पैर में गोली लगी. दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
वहीं, मौके से भागने का प्रयास कर रहे शैलेन्द्र उर्फ दीपू ठोकिया निवासी न्योरी जलालपुर (थाना जहानाबाद), प्रियांशू कोरी उर्फ बजरंगी निवासी बहरौली (थाना बिंदकी) तथा लवकुश निवासी मवईया (थाना कल्याणपुर) को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे (315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है.
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह थाना चांदपुर, जहानाबाद, बिंदकी और बकेवर क्षेत्रों में दर्ज चोरी के कई मामलों में वांछित था. मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने के आरोप में थाना चांदपुर में धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है. मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है.
ADVERTISEMENT











