जेल से आ रहा था अतीक का बेटा अली, पीछे चल रहे उसके समर्थकों ने की टोलकर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश? अब बड़ा एक्शन हुआ

नितेश श्रीवास्तव

11 Aug 2026 (अपडेटेड: 11 Aug 2026, 10:34 AM)

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में अतीक अहमद के बेटे अली अहमद के काफिले में शामिल वाहनों को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. 8 अगस्त को झांसी जेल से पुलिस अभिरक्षा में प्रयागराज जाते समय काफिला फतेहपुर से गुजरा था.

Ali Ahmed Convoy FIR

Ali Ahmed Convoy FIR

Google CTA

Ali Ahmed Convoy FIR: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में अतीक अहमद के बेटे अली अहमद के काफिले में शामिल वाहनों को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. 8 अगस्त को झांसी जेल से पुलिस अभिरक्षा में प्रयागराज जाते समय काफिला फतेहपुर से गुजरा था. इसी दौरान फतेहपुर में दो टोल प्लाजा पर हुए विवाद को लेकर 21 वाहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, टोल कर्मियों से गाली-गलौज, वाहन चढ़ाने की कोशिश, बिना टोल दिए गाड़ियां निकालने और टोल के राजस्व को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए हैं.

यह भी पढ़ें...

बड़ौरी टोल प्लाजा पर 10 वाहनों के खिलाफ मुकदमा

कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी टोल प्लाजा के प्रबंधक जितेंद्र सिंह की तहरीर पर 10 वाहनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. शिकायत में काफिले में शामिल कुछ वाहनों के चालकों पर टोल कर्मियों के साथ विवाद करने और वाहन चढ़ाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने इस मामले में नामजद वाहनों के साथ कुछ अज्ञात वाहनों को भी जांच के दायरे में रखा है.

कटोंघन टोल पर 11 वाहनों पर FIR

वहीं, खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोंघन टोल प्लाजा के सहायक मैनेजर सोनू सिंह की तहरीर पर 11 वाहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. दोनों मामलों की FIR फतेहपुर के कल्यानपुर और खागा कोतवाली में दर्ज की गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि काफिले में शामिल किन वाहनों के चालक विवाद में शामिल थे और उनकी क्या भूमिका रही.

टोल कर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश का आरोप

FIR में आरोप लगाया गया है कि काफिले में शामिल कुछ वाहनों के चालकों ने टोल कर्मियों के ऊपर वाहन चढ़ाने की कोशिश की. इसके अलावा जान से मारने की धमकी देने, लापरवाही से वाहन चलाने और टोल के राजस्व को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए हैं. FIR की जानकारी के मुताबिक, मामले में नंबर प्लेट लगे 7 वाहनों और बिना नंबर प्लेट वाले 5 वाहनों का भी उल्लेख किया गया है.

जनाजे में शामिल होने जा रहा था अली

अली अहमद को 8 अगस्त को झांसी जेल से पुलिस कस्टडी में प्रयागराज ले जाया गया था. उसे अपने भाई अबान के जनाजे में शामिल होना था. इसी दौरान अली के साथ समर्थकों की कई गाड़ियां भी काफिले में शामिल हो गई थीं. पुलिस अभिरक्षा में फतेहपुर से गुजरते समय बड़ौरी और कटोंघन टोल प्लाजा पर हुए घटनाक्रम को लेकर अब यह कार्रवाई की गई है.

वाहनों और चालकों की पहचान

पुलिस अब FIR में दर्ज वाहनों के साथ उनके चालकों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही घटना के दौरान किस वाहन की क्या भूमिका थी, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाल रही है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.