Chandauli News: नगर क्षेत्र में पिछले करीब 10 दिनों से जर्जर और धंसी सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा. क्षेत्रवासियों ने सड़क पर प्रदर्शन कर संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की. प्रदर्शन में महिलाओं, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया.
ADVERTISEMENT
रोज हो रहे हादसे, लोगों में बढ़ी चिंता
स्थानीय निवासी शोभा देवी ने बताया कि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है. सड़क धंसने के कारण आए दिन राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई दिनों से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की. लोगों की सिर्फ एक ही मांग है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए.
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरा
हैबिट पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अजय कुमार ने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-छोटे बच्चे स्कूल आते-जाते हैं. इसके अलावा भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क और अधिक धंसती जा रही है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है.
जल निगम पर लापरवाही का आरोप
पूर्व सभासद विनय कुमार (डब्बू) यादव ने आरोप लगाया कि जल निगम ने करीब 10 दिन पहले सड़क खोदने के बाद उसे उसी हालत में छोड़ दिया. कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो क्षेत्रवासी बड़ा आंदोलन करने के साथ नगरपालिका कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होंगे.
प्रदर्शन में महेंद्र, सुबोध, दिलीप कुमार, अभिषेक शर्मा, गुरुदयाल, अजय मास्टर, अभय शर्मा, अभिषेक यादव, शोभा देवी, रेखा देवी, कलू कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कर जनसमस्या का समाधान करने की मांग की.
ADVERTISEMENT











